दो भाजपा और एक कांग्रेस प्रत्याशी पर मुकदमा दर्ज
बुलंदशहर। सदर तहसील में नामांकन के दौरान नारेबाजी और भीड़ जुटाने पर नगर कोतवाली में भाजपा के दो और एक कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आचार संहिता का उल्लंघन और कोविड-19 गाइडलाइन का पालन न करने पर तीनों प्रत्याशियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी जियाउल रहमान कई वाहनों से समर्थकों के साथ बृहस्पतिवार को सदर तहसील पहुंचे। समर्थकों ने कांग्रेस, सोनिया, प्रियंका और राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए। नामांकन के दौरान उनके साथ भीड़ होने पर सीओ सिटी शशांक सिंह ने काफिले में शामिल वाहनों से झंडे, पट्टी और समर्थकों के गले से पटका आदि उतरवाए। इसके साथ ही नगर कोतवाल प्रभारी निरीक्षक को प्रत्याशी के खिलाफ आचार संहिता और कोविड-19 गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। वहीं, बृहस्पतिवार की दोपहर खुर्जा विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी मीनाक्षी और सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र से लक्ष्मीराज भी काफिले के साथ नामांकन करने पहुंचे। इनका नामांकन कराने जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया भी सदर तहसील पहुंचे। पुलिस ने सभी की गाड़ियों प्रचार सामग्री आदि हटवाई और मीनाक्षी तथा लक्ष्मीराज के खिलाफ भी आचार संहिता और कोविड-19 गाइडलाइन के उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज कराया। दोनों के अज्ञात समर्थकों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि प्रत्याशी को आचार संहिता या कोविड-19 गाइडलाइन का उलंघन नहीं करने दिया जाएगा। प्रचार के दौरान भी कोई उल्लंघन करेगा तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।