फर्नीचर के गोदाम में आग लगी, 10 लाख का फर्नीचर जला
गुलावठी। गुलावठी-हापुड़ मार्ग स्थित एक फर्नीचर के गोदाम में देर रात्रि अचानक आग लग गई। आग के कारण गोदाम के लिंटर में कई स्थानों पर दरारें आ गईं। आग से करीब 10 लाख रुपये का फर्नीचर जलकर राख हो गया। पीड़ित व्यापारी ने थाने में घटना की तहरीर दी है।
मोहल्ला रामनगर निवासी गययूर पुत्र मोहम्मद लियाकत की गुलावठी-हापुड़ मार्ग पर चर्च के निकट फर्नीचर की दुकान है। दुकान के निकट ही उसका गोदाम है। गोदाम में शुक्रवार की देर रात करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना पर गययूर एवं अन्य लोग मौके पर पहुंचे। आग से गोदाम में रखे डबल बैड, सोफा सेट, मेज, गद्दे आदि जलकर राख हो गए। लोगों ने समरसेबिल के पानी से आग पर काबू पाया, परंतु तब तक सारा सामान जलकर राख हो चुका था। गययूर के अनुसार, आग से करीब दस लाख रुपये का नुकसान हुआ है। शनिवार की सुबह मौके पर अनेक लोग एकत्र हो गए। गययूर ने बताया कि आग के कारणों का पता नहीं चल सका है। उन्होंने आशंका जताई है कि उसके गोदाम में जान बूझकर किसी ने आग लगाई है। गययूर ने थाने में घटना की तहरीर दी है।