होर्डिंग्स लगाने को लेकर भिड़े भाजपाइयों के दो गुट, मारपीट और तोड़फोड़
औरंगाबाद। जनविश्वास यात्रा के होर्डिंग लगाने को लेकर ईलना गांव में भाजपा के दो गुटों में मारपीट हो गई। इस दौरान गाड़ी में तोड़फोड़ भी की गई। मामले में दोनों ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सोमवार को भाजपा की जन विश्वास यात्रा के दौरान स्याना विधानसभा क्षेत्र के गांव ईलना में सभा थी। पूर्व जिला पंचायत सदस्य सोनू लोधी को इसका संयोजक बनाया गया था। भाजपा नेता राजपाल लोधी की पत्नी राजेन्द्र देवी ने तहरीर देकर बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे वह अपने पति के साथ ईलना गांव में बैनर-होर्डिंग और स्वागत गेट का निरीक्षण करने गई थीं। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर स्याना विधायक देवेंद्र सिंह लोधी के समर्थकों ने धारदार हथियारों से जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। जिसमें राजपाल लोधी, राजेन्द्र देवी, शिरीष समेत चार लोग घायल हो गए। हमलावरों ने एक गाड़ी के शीशे भी तोड़ डाले। उन्होंने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य सोनू लोधी, विधायक के भाई दिनेश कुमार, नरेश समेत 20 अज्ञात के खिलाफ हत्या की कोशिश, बलवा समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
दूसरी ओर सोनू लोधी ने तहरीर देकर बताया कि राजपाल सिंह अपने समर्थकों के साथ सभास्थल पर पहुंचे। वहां एक युवक से होर्डिंग के लिए लगाई गई बल्ली गलती से हिल गई। इस बात पर राजपाल लोधी के समर्थकों ने उसकी पिटाई कर दी। सोनू लोधी ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने पिस्टल की बट उसके सिर पर वार कर घायल कर दिया। पुलिस ने राजपाल समेत तीन के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली है।
हो सकता था बड़ा मामला
जैसे ही घटना की जानकारी मिली ईलना के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद वहां से दूसरे पक्ष के लोग भाग निकले। गनीमत रही कि उनके पहुंचने से पूर्व ही दूसरे पक्ष के लोग जा चुके थे। अन्यथा बड़ा मामला हो सकता था।
घटना के चार वीडियो वायरल
पूरे प्रकरण की अलग अलग चार वीडियो सोशल मीडिया पर सोमवार को वायरल हुए हैं। तीन वीडियो में राजपाल व उनके समर्थकों के साथ अभद्रता व हमला करते हुए लोग नजर आ रहे हैं। एक वीडियो में कार्यक्रम के संयोजक व पूर्व जिपं सदस्य सोनू लोधी लहूलुहान हालत में नजर आ रहे हैं।
कोट
राजनीति द्वेष के चलते झूठा आरोप लगाया गया है। घटना से कोई वास्ता नही है। दूसरे पक्ष के लोगों ने ही सोनू लोधी व उसके समर्थकों पर जानलेवा हमला किया है। अफसरों से बातचीत कर मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। - देवेंद्र सिंह लोधी, विधायक स्याना
विधायक के इशारे पर हमला हुआ है। मामले में विधायक के भाई समेत पांच नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। - राजपाल लोधी, भाजपा नेता
घटना को बेवजह राजनीति रंग दिया जा रहा है। अनजाने में घटना घटित हुई है। निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है। - सोनू लोधी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य
मामले में तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। भाजपा पदाधिकारियों की ओर से भी दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास जारी हैं। जल्द ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी