डंपर लूटकर भाग रहे बदमाशों की कार दुर्घटनाग्रस्त, एक की गई जान
सिकंदराबाद। जोखाबाद चौकी स्थित औद्योगिक क्षेत्र से डंपर लूटकर और डंपर चालक को बंधक बनाकर भाग रहे कार सवार बदमाश हाईवे-91 स्थित सुखलालपुर तिराहे पर हादसे का शिकार हो गए। हादसे में एक बदमाश की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी बदमाश और डंपर चालक घायल हो गया। लूटे हुए डंपर को बदमाशों ने पुलिस के पीछा करने पर टोल प्लाजा के पास छोड़ दिया और फरार हो गए।
नोएडा के वाईयू एसोसिएट्स के कई डंपर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ओरियंटबेल कंपनी में मिट्टी डालने का कार्य कर रहे हैं। शुक्रवार रात करीब 11 बजे कंपनी के चार डंपर अलीगढ़ क्षेत्र से मिट्टी लेकर कंपनी पहुंचे थे। वाईयू एसोसिएट के कर्मी पहले से ही कंपनी में मौजूद थे। रात करीब 11 बजे डंपर कंपनी में दाखिल हुए। लेकिन, एक डंपर कंपनी में नहीं पहुंचा। डंपर के नहीं पहुंचने पर कंपनी कर्मचारियों ने जीपीआरएस के माध्यम से लोकेशन चेक की तो डंपर कंपनी से काफी आगे टोल प्लाजा की ओर निकल चुका था। संदेह होने पर वाईयू कंपनी के कर्मचारियों ने जीपीआरएस के माध्यम से डंपर का पीछा किया और पुलिस को सूचना दी। पीछा करने का आभास होने पर डंपर को लूटकर ले जा रहे बदमाश डंपर को लुहारली टोल प्लाजा पर छोड़कर भाग गए। कर्मचारियों ने पुलिस की मदद से डंपर को बरामद कर लिया। लेकिन, डंपर चालक उसमें मौजूद नहीं था। चालक को बदमाश अगवा कर ले गए थे। तभी पुलिस को सूचना मिली कि बदमाशों की कार सुखलालपुर तिराहे पर किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई है। हादसे में कार सवार बदमाश हरियाणा के मेवात क्षेत्र के पटाकपुर निवासी सत्तार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सत्तार का भाई शाहून और आकिल घायल हो गए। कार में बंधक बनाया गया डंपर चालक सुभाष निवासी गांव लाडलाबास थाना सिकंदराबाद भी हादसे में घायल हुआ। पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जबकि, सत्तार का शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। गंभीर हालत में डंपर चालक सुभाष और बदमाश शाहून को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। मामले में वाईयू कंपनी के मैनेजर जगत कसाना निवासी गांव धनपुरा थाना सिकंदराबाद ने चोरी की तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने डंपर चोरी व अपहरण की दर्ज की रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार, कंपनी के मैनेजर जगत सिंह ने बताया कि वह और चालक सुभाष औद्योगिक क्षेत्र स्थित शर्मा होटल पर खाना खा रहे थे। इसी दौरान बाहर खड़े डंपर को कार सवार बदमाशों ने चोरी कर लिया। चालक सुभाष ने जब बदमाशों का भागते हुए पीछा किया तो बदमाशों ने उसे भी अगवा कर कार में डाल लिया। चालक को अगवा कर ले जा रहे बदमाश सुखलालपुर तिराहे पर हादसे का शिकार हो गए। बताया कि पीड़ित की तहरीर पर डंपर चोरी, अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
बयानों को लेकर पुलिस ने जताया संदेह
एक ओर बताया जा रहा है कि दो बदमाश डंपर लेकर टोल प्लाजा की ओर भागे तो कार सवार बदमाश चालक का अपहरण कर बुलंदशहर की ओर क्यों चले गए। यह कहानी उलझी हुई नजर आ रही है, वहीं पुलिस मामले में अभी पत्ते खोलने को तैयार नहीं है। अधिकारी जल्द ही राजफाश करने का दंभ भर रहे हैं। सवाल यह भी है कि बदमाश पुलिस को चकमा देने के उद्देश्य से चालक को लेकर बुलंदशहर की ओर भागे हों, उनकी योजना हो सकती है कि वह चालक को कहीं ऐसी जगह छोड़ें जहां से पुलिस डंपर तक पहुंचने में उलझ जाए और जब तक सही लोकेशन पर पहुंचे तब तक डंपर उनके (बदमाशों) क्षेत्र में पहुंच चुका हो।
पूर्व में हुई डंपर लूट में भी आरोपियों की हो सकती है साजिश
अनुमान लगाया जा रहा है कि बीते दिनों चोला चौकी क्षेत्र में भी बदमाशों ने देर रात एक डंपर लूटा था और उसके चालक को बंधक बनाकर आरोपी पलवल के पास छोड़कर भाग गए थे। उक्त मामले में भी चालक ने बताया था कि बदमाश सेंट्रो कार में सवार थे। वहीं, अब सिकंदराबाद में हुए हादसे में भी बदमाशों के पास सेंट्रो कार ही थी।
जल्द वारदात का होगा राजफाश
एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कंपनी मैनेजर ने चोरी का मामला बताया है। वहीं, हादसे में मृत सत्तार का भी आपराधिक इतिहास है, जिसे खंगाला जा रहा है। पकड़े गए दोनों बदमाश भी उसके साथी हैं। जल्द ही वारदात और हादसे का राजफाश कर दिया जाएगा।