महिला को सम्मोहित कर ले गए जेवर और नकदी
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अंबा कालोनी निवासी मंजू शर्मा को सम्मोहित कर ठगों ने लाखाें के जेवर व नकदी ले ली। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
मंजू ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि गत सात दिसंबर को वह नगर स्थित एक नर्सिंग होम पर चेकअप के लिए गई थी। यहां से उसे ब्लड टेस्ट के लिए पैथोलॉजी लैब भेज दिया गया। जब वह जिला अस्पताल के पास पहुंची तो एक व्यक्ति ने उसे रोक लिया। तभी उसका साथी भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि देखते ही देखते दोनों ने उसे सम्मोहित कर एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी कानों के कुंडल, एक मंगलसूत्र और तीन हजार रुपये नकद ले लिए। पीड़िता ने भी उनकी बातों में आकर रुपये दे दिए। इसके बाद शातिरों ने उसे रोडवेज अड्डे के पास रिक्शा में बैठा दिया। उनका आरोप है कि उन्होंने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। सीओ सिटी शशांक सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। यदि तहरीर दी गई है, तो रिपोर्ट दर्ज कराकर जल्द ही शातिरों को पकड़ा जाएगा।