अवैध कटान की पकड़ी लकड़ी, लगाया 1.35 लाख का जुर्माना
बुलंदशहर। डीएफओ की टीम ने अवैध कटान कर आम की लकड़ी ले जा रहे एक ट्रक को पकड़ा है। विभाग ने लकड़ी ले जाने वालों से 1.35 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है। डीएफओ का दावा है कि अब जिले में अवैध कटान नहीं होने दिया जाएगा।
डीएफओ ने बताया कि विभागीय टीम के साथ डिबाई क्षेत्र में गश्त की गई। इसी दौरान उन्होंने एक ट्रक में आम की लकड़ी को जाते हुए देखा और उसे रुकवा लिया। ट्रक चालक के पास कोई परमिशन आदि नहीं मिली। साथ ही वह वह कोई कागजात डीएफओ के सामने प्रस्तुत नहीं कर सका। पूरे मामले में कार्रवाई करते हुए टीम ने लकड़ी को अपने कब्जे में लेते हुए 1.35 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है।
जिले में अवैध कटान के लिए गठित की आठ टीम
डीएफओ ने बताया कि जिले में हरे पेड़ों के अवैध कटान रोकने के लिए विभाग की आठ टीम गठित की हैं। इन टीमों में शामिल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही यह भी चेतावनी दी है कि यदि किसी भी क्षेत्र में अवैध कटान आदि की शिकायत मिली तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएफओ विनीता सिंह ने बताया कि डिबाई क्षेत्र में आम से लदी लकड़ी का ट्रक पकड़ा है। ट्रक चालक किसी तरह की कोई परमिशन नहीं दिखा सका। इस पर विभाग की ओर से 1.35 लाख रुपये का जुर्माना लगाते हुए लकड़ी और ट्रक को कब्जे में ले लिया है। साथ ही जिले में अवैध कटान रोकने के लिए आठ टीमों का भी गठन कर दिया है।