अधिकारियों पर लगाया रिश्वत मांगने का आरोप
बुलंदशहर। जिला पंचायत के ठेकेदार ने लंबित भुगतान के नाम पर अधिकारियों पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने डीएम समेत अन्य अधिकारियों को शपथ पत्र देते हुए शिकायत की है।
ठेकेदार योगेश शर्मा ने डीएम को पत्र लिख है। इसमें उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2018 में जिला पंचायत की ओर से मॉल में 1800 किलोवाट का कनेक्शन जारी करने के लिए टेंडर निकाला गया था। आवेदन करने के बाद उन्हें टेंडर मिला और काम शुरू किया गया। इसके बाद 40 और 80 फीसदी काम पूरा होने पर भुगतान के लिए कहा गया, लेकिन भुगतान करने के लिए अधिकारी बार-बार टरकाते रहे। अब कार्य पूरा होने के करीब एक वर्ष बाद भी 76 लाख रुपये बकाया और सिक्योरिटी राशि का भुगतान नहीं किया गया है। इसके लिए पहले डीएम से गुहार लगाई तो डीएम ने नियमानुसार भुगतान के लिए अधिकारियों को आदेश दिए, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। कोर्ट की शरण ली तो कोर्ट ने भी नियमानुसार भुगतान करने के आदेश अधिकारियों को दिए, लेकिन अधिकारी बार-बार भुगतान को टालते रहे। मामले में जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी विद्याशंकर पांडेय ने बताया कि शासन से नियमानुसार भुगतान करने की प्रक्रिया की जा रही है। पूर्व में कुछ तकनीकी स्वीकृति की आवश्यकता थी, जिसकी रिपोर्ट आने पर अब शीघ्र ही भुगतान किया जाएगा।