क्रय केंद्र के कर्मियों को बंधक बना चार लाख का कांटा लूटा
औरंगाबाद। अगौता थाना क्षेत्र में बदमाशों ने अनामिका चीनी मिल के गांव खंगावली के क्रय केंद्र पर तैनात चौकीदार व कर्मचारियों को बंधक बनाकर चार लाख रुपये का कांटा व अन्य सामान लूट लिया। वहीं, गांव किसौली में वारदात को अंजाम दे रहे बदमाश पुलिस की गाड़ी का सायरन सुन और चौकीदार व कर्मियों के शोर मचाने पर भाग खड़े हुए। वहीं, पुलिस ने खेल करते हुए लूट के बजाए 10 से अधिक बदमाशों के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है।
क्षेत्र की अनामिका शुगर मिल के अगौता क्षेत्र के 40-50 गांवों में गन्ना खरीदने के लिए क्रय केंद्र स्थापित हैं। इनके रख रखाव के लिए शुगर मिल ने चौकीदार तैनात किए हुए हैं। पुलिस को दी तहरीर में मिल प्रबंधन ने बताया कि शुक्रवार रात को गांव खंगावली निवासी चौकीदार प्रेमचंद केंद्र पर सोया हुआ था। देर रात करीब 11 बजे 10 से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने उसे बंधक बना लिया और उसके हाथ पैर बांधकर शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए केंद्र से कांटा लूट लिया। आरोपी बदमाश आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इसके बाद पड़ोसी गांव किसौली के केंद्र पर पहुंचकर बदमाशों ने ट्रक में गन्ना लोड कर रहे चार कर्मचारियों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। आरोपियों ने कर्मचारियों को एक चादर की मदद से बांध दिया। इसके बाद आरोपी कांटे को उखाड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच गश्त कर ही पुलिस की गाड़ी के सायरन सुनकर और कर्मियों के शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए।
कर्मचारियों ने मचाया शोर तो मौके पर पहुंची पुलिस
बदमाशों के फरार होने पर बंधक कर्मचारियों ने पुलिस को देखकर शोर मचाना शुरू किया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कर्मचारियों को बंधन से मुक्त कराया। बाद में शुगर मिल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मिल के प्रबंधक को मामले से अवगत कराया। जोनल इंचार्ज शैलेन्द्र सिंह ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ़ अगौता थाने में लूट की शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने इसमें खेल करते हुए चोरी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
मुख्य महाप्रबंधक अनामिका शुगर मिल केपी सिंह ने बताया कि बदमाशों ने दो क्रय केंद्रों पर धावा बोलकर चौकीदार समेत कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर लेकर एक कांटा लूटा है और जबकि दूसरे कांटे को लूटने का प्रयास किया है। जिस तरह से बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है।इससे कर्मचारियों में भय है।