लखीमपुर खीरी में हुई किसानों की मौत के विरोध में कैंडल मार्च निकालते रालोद कार्यकर्ता।
- फोटो : BULANDSHAHR
रालोद ने सरकार के खिलाफ निकाला मशाल जुलूस
बुलंदशहर। राष्ट्रीय लोकदल ने रविवार देर शाम नगर में सरकार के खिलाफ मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कानपुर के व्यापारी और लखीमपुर खीरी के मृतक किसानों को श्रद्धांजलि दी। दोनों मामलों में ठोस कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
रालोद का मशाल जुलूस कैंप कार्यालय से शुरू हुआ। कार्यकर्ता हाथ में मशाल लेकर और सरकार विरोधी नारे लगाते हुए कालाआम पर पहुंचे। जिला अध्यक्ष अरुण चौधरी ने कहा कि गोरखपुर और लखीमपुर खीरी की घटनाओं ने प्रदेश सरकार की दमनकारी नीति को उजागर कर दिया है। भाजपा की सरकार में जहां पुलिस बेलगाम हो गई है, वहीं अब सरकार के मंत्रियों के बेटे भी किसानों की जान लेने पर तुले हुए हैं। इस सरकार में खुला जंगलराज हो गया है और अपराध चरम पर है। प्रदेश में कोई सुरक्षित नहीं है। चाहे वह किसान हो या फिर आम आदमी। कानपुर और लखीमपुर खीरी की घटनाओं का पार्टी विरोध करती है और इनको अंजाम देने वालों को कड़ी सजा दिलाने के साथ ही पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग करती है। इस दौरान पूर्व विधायक दिलनवाज खान, योगेंद्र सिंह लोधी, सुनील चरोरा, पुरमार अली, ओमवीर सिंह, अन्नू चौधरी, आसिफ खान, आसिफ गाजी, हरेंद्र पप्पू और नरेंद्र चौधरी आदि पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।