श्रमिकों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए मिलेगी मदद
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश श्रम कल्याण परिषद की ओर से पंजीकृत कारखानों, दुकानों और वाणिज्य अधिष्ठानों में काम करने वाले श्रमिकों के बच्चाें को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए मदद मिलेगी। इसके लिए कामगारों को जनसुविधा केंद्र अथवा श्रम विभाग में ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
उत्तर प्रदेश शासन और सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ श्रमिक और मजदूरों को मुहैया कराने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसके तहत संचालित डॉ. कलाम पुरस्कार योजना का लाभ दुकान और वाणिज्य अधिष्ठान व पंजीकृत कारखानों में कार्यरत ऐसे श्रमिक पात्र होंगे, जिनका वेतन 15 हजार प्रतिमाह से अधिक न हो। इस योजना के तहत श्रमिक के पुत्र-पुत्री को उच्च शिक्षा के लिए दस, आठ और पांच हजार रुपये की मदद दी जाएगी।
जबकि गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार योजना के तहत दुकान, वाणिज्य अधिष्ठान व पंजीकृत कारखानों में कार्यरत ऐसे श्रमिक पात्र होंगे, जिनका वेतन 15 हजार रुपये से अधिक न हो। इसमें 60 से 70 प्रतिशत या इससे अधिक अंक पाने वाले पुत्र व पुत्री पात्र होंगे। इस योजना में तीन से पांच हजार रुपये तक की धनराशि मिलेगी। जबकि ज्योतिबा फुले कन्यादान योजना का लाभ दो पुत्रियों को ही मिलेगा।
सहायक श्रमायुक्त मुकेश कुमार दीक्षित ने बताया कि शासन की ओर से श्रमिकों के हित के लिए संचालित योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभ पा सकें। लाभ पाने के लिए जनसुविधा या श्रम विभाग में ऑनलाइन पंजीकरण जरूरी है।