आज बारिश की संभावना, पारा 37 डिग्री पर टिका
बुलंदशहर। मौसम में बदलाव के साथ तापमान में गिरावट आना शुरू हो गई है। शनिवार की तरह रविवार को भी पारा 37 डिग्री पर टिका रहा। तापमान गिरने से उमस भी कुछ कम हो गई। रविवार से बारिश की संभावना बन गई है।
जिले में गत कई दिनों से दिन हो या रात उमस बरकरार रहने से सभी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं, शनिवार को तापमान चार डिग्री गिरकर 37 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में गिरावट से लोगों को उमस से कुछ राहत मिली। मौसम में आद्रता 62 फीसदी हो गई। हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम तापमान कम होकर 34 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक रामानंद पटेल ने बताया कि अब मौसम में बदलाव आ गया है। तापमान में गिरावट आने के साथ ही अब रविवार से मानसून की बारिश होने की संभावना बन रही है।