तीन ग्राम प्रधान और 3591 ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए नामांकन आज
बुलंदशहर। जिले में खाली रह गई ग्राम पंचायत सदस्य और तीन ग्राम पंचायतों के प्रधान पद के लिए रविवार से नामांकन होंगे। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने आदेश जारी करते हुए संबंधित ब्लॉक में ही नामांकन और नामांकन पत्रों की जांच के आदेश दिए हैं। सोमवार को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्हों का वितरण किया जाएगा।
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान कुल 12154 ग्राम पंचायत सदस्यों का भी चुनाव होना था। हालात यह हुए मतदान और परिणाम जारी होने के बाद जिले में 3591 ग्राम पंचायत सदस्यों के पद खाली रह गए। 369 ग्राम पंचायत प्रधानों का कोरम पूरा नहीं हुआ और वह अभी तक शपथ नहीं ले सके हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने उक्त पदों पर दोबारा चुनाव कराने के निर्देश दिए थे। वहीं, सिकंदराबाद के गांव दुल्हैरा, अरनिया के गांव नगलिया टक्कर और दानपुर के गांव भमरौआ के प्रधान की मौत के बाद उनकी सीट खाली हो गई थी। इन सभी सीटों पर रविवार को संबंधित ब्लॉक में नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक, रविवार को ही नामांकन के बाद इन पत्रों की जांच पूरी कर ली जाएगी। जबकि सोमवार को नाम वापसी और चुनाव चिन्हों का वितरण होगा। वहीं 12 जून को मतदान के बाद 14 जून को संबंधित ब्लॉक में ही मतगणना की जाएगी।
अभी बीडीसी के रिक्त हुए पद के लिए नहीं होगा चुनाव
सिकंदराबाद। विकास खंड क्षेत्र के गांव में बीडीसी सदस्या की मौत के बाद रिक्त हुए पद पर अभी चुनाव नहीं होगा। बता दें कि ककोड़ क्षेत्र के गांव मेहमदपुर केहरी में वार्ड 24 से बीडीसी सदस्या की मौत हो गई थी। जिसके बाद वार्ड 24 से बीडीसी सदस्य पद रिक्त हो गया था। एडीओ सुभाष सिंह ने बताया कि विकासखंड क्षेत्र के कुछ वार्डों में लोग एक साथ दो वार्डों से बीडीसी सदस्य चुने गए हैं। उनके एक वार्ड से इस्तीफा दिए जाने के बाद खाली होने वाली सभी बीडीसी पदों पर एक साथ चुनाव कराया जाएगा।