आज खुलेंगे बैंक, कल से तीन दिन रहेंगे बंद
बुलंदशहर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों का असर अब बैंक में भी दिखने लगा है। यूएफबीयू के पदाधिकारियों की मांग पर कोरोना कर्फ्यू के दौरान शनिवार और सोमवार का अवकाश रहने पर अन्य दिनों में खाताधारकों की भीड़ लगने लगी है। वहीं, दूसरी ओर शुक्रवार को बैंक खुलने के बाद शनिवार से तीन दिन लगातार बैंक बंद रहेंगे। यदि किसी को बैंक संबंधी कार्य है तो वह शुक्रवार को कर सकते हैं।
जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक विजय गांधी ने बताया कि बैंकों में सामान्य दिनों की अपेक्षा खाताधारकों की भीड़ कुछ कम है। भीड़ कम रहने से संक्रमण का खतरा भी कम होगा। बैंक में प्रवेश से पूर्व सभी की थर्मल स्क्रैनिंग और हाथों को सैनिटाइज कराने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। बताया कि शनिवार को बैंकों का अवकाश रहने के कारण बंद रहेंगे, इसके बाद रविवार अवकाश रहेगा। सोमवार को कोरोना कर्फ्यू के चलते जिलाधिकारी के आदेश पर बैंक बंद रहेंगे। तीन दिन लगातार बैंक बंद रहने पर सभी एटीएम में पर्याप्त मात्रा में धनराशि के लिए बैंक प्रबंधकों को अवगत करा दिया गया है।