घर से खेत पर गई युवती के साथ दुष्कर्म
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार को घर से खेत पर जा रही युवती के साथ गांव निवासी युवक ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने उसे शिकायत करने पर हत्या की धमकी दी और फरार हो गया। देहात कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 19 वर्षीय युवती ने शनिवार को कोतवाली में तहरीर दी, जिसमें उसने बताया कि गत 30 अप्रैल की शाम करीब 7:30 बजे वह घर से खेत की ओर जा रही थी। जब वह घर के पीछे स्थित बाड़े में पहुंची तो वहां पहले से ही मौजूद गांव निवासी आरोपी युवक सोनू ने उसे दबोच लिया। साथ ही आरोपी ने उसे दूसरे खेत में ले जाकर छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। शोर-शराबा होने पर लोगों को आता देख आरोपी उसे शिकायत करने पर हत्या की धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़िता ने अपने घर पहुंच कर परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी। साथ ही कोतवाली में आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। देहात कोतवाल अरुणा राय ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी युवक सोनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्दी आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का राजफाश कर दिया जाएगा। साथ ही युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।