हार से बौखलाकर बीडीसी प्रत्याशी ने बोंगे-बिटोरे फूंके
औरंगाबाद। थाना क्षेत्र के गांव रतनपुर में एक बीडीसी प्रत्याशी ने हार के बाद ग्रामीणों के आधा दर्जन बोंगे-बिटोरे में आग लगा दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। पीड़ित किसानों ने प्रत्याशी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
जहांगीराबाद ब्लॉक क्षेत्र के गांव रतनपुर निवासी बीडीसी का चुनाव लड़ा था। अपने प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी से पराजित हो गया। गांव में पहुंचते ही अपनी हार से बौखलाकर किसान लख्मी, सुरेंद्र, प्रेम, सोनू, कलवा और पप्पू के बोंगे-बिटोरे में आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। आग की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर पानी डालकर काबू पाया। पीड़ित किसानों ने आरोपी को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर औरंगाबाद सचिन मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
जुलूस निकालने पर पुलिस ने खदेड़ा
थाना क्षेत्र के गांव रतनपुर में नवनिर्वाचित हुए ग्राम प्रधान मामचंद के समर्थक रविवार की शाम नारेबाजी करके गांव में जुलूस निकाल रहे थे। सूचना पर पुलिस गांव पहुंची। पुलिस को देखते ही समर्थको में भगदड़ मच गई और मौके से फरार हो गए।
लखावटी ब्लॉक परिसर में कमरा नंबर 7 में ग्राम प्रधान पद की काउंटिंग चल रही थी। इस दौरान ग्राम प्रधान पद का प्रत्याशी चुनाव जीत गया। चुनाव जीतते ही उसके समर्थकों ने काउंटिंग स्थल पर ही नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर पुलिस स्थल पर पहुंची। पुलिस ने लाठी फटकारकर भीड़ को तितर-बितर कर दिया।