पेड़ों पर लदे बौर, इस बार बंपर होगी आम की पैदावार
बुलंदशहर। आम पर बौर आ चुका है। इस बार आम के सीजन का ऑन ईयर भी है। वहीं, मौसम अनुकूल होने और अभी तक आम के बाग रोग से भी मुक्त हैं। ऐसे में बंपर पैदावार होने की उम्मीद को लेकर बागान किसानों के चेहरे खिले हुए हैं।
जनपद में आम के बाग का क्षेत्रफल 14 हजार हेक्टेयर से अधिक है। सबसे अधिक आम के बाग स्याना और ऊंचागांव क्षेत्र में हैं। स्याना को आम के लिए फल पट्टी के नाम से भी जाना जाता है। यहां पर दशहरी, चौसा और लंगड़ा आदि आम की भरमार है। यहां का आम देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों में रहने वाले आम के शौकीन लोग भी मंगवाते हैं। उद्यान विभाग के अधिकारियों के अनुसार आम उत्पादन में ऑन ईयर और ऑफ ईयर का फंडा चलता है। इस बार आम की फसल में ऑन ईयर चल रहा है। ऐसे में ऑन ईयर में आम की फसल की बंपर पैदावार होने की संभावना है। आम पर बौर आ चुका है और मौसम अनुकूल होने के कारण अभी तक आम की फसल रोग से भी मुक्त है। ऐसे में पेड़ों पर बौर भी अधिक नजर आ रहा है। इस तरह से आम का रिकार्ड उत्पादन होने की संभावना है। वहीं, दूसरी ओर अपनी आम की फसल को देखकर बागान किसान भी खुश दिखाई दे रहे हैं। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. धीरेंद्र सिंह ने बताया कि इस बार मौसम अनुकूल है और आम में रोग भी नहीं लगा है। बौर भी अच्छा और ऑन ईयर होने के कारण बंपर पैदावार की संभावना है।
ऑन ईयर होने के कारण व्यापारियों ने भी खरीदे बाग
इस बार आम की फसल का ऑन ईयर होने और बंपर पैदावार होने की संभावना के चलते ज्यादातर बाग व्यापारियों ने खरीद लिए हैं। हालांकि बाग हर साल व्यापारियों द्वारा खरीदे जाते हैं, लेकिन बताया गया कि इस बार व्यापारियों का अधिक रुझान दिखाई दे रहा है। वहीं, अधिकतर बागान किसान बंपर पैदावार के चलते खुद ही बाग की देखभाल करने का पहले ही मन बना चुके हैं।
बंपर पैदावार से आम आदमी की पहुंच में रहेगा फलों का राजा
आम को फलों का राजा भी कहा जाता है। आम के शौकीनों को इसके आने का भी बेसब्री से इंतजार रहता है। कम उत्पादन होने पर इसके दाम अधिक होने के कारण अधिकतर लोग खरीद नहीं पाते हैं। लेकिन इस बार बंपर पैदावार होने के कारण दाम भी कम रहने की संभावना है। ऐसे में फलों का राजा आम आम आदमी की पहुंच में भी रहेगा।