खेत में लगाए गए तारों में उतरा करंट, बालक की मौत
डिबाई। थाना क्षेत्र के गांव पोखरपुर में निराश्रित पशुओं से फसल को बचाने के लिए खेत में लगाए गए तारों में उतरे करंट की चपेट में आने से एक बालक की मौत हो गई। हादसे का पता चलते गांव में कोहराम मच गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शिकायत मिलने पर खेत बटाई पर लेने वाले व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गांव पोखरपुर निवासी एक किसान ने अपना खेत बटाई पर गांव के ही राकेश को दिया हुआ है। आलू की फसल को निराश्रित पशुओं से बचाने के लिए उसने खेत के चारों ओर तार लगा दिए थे। इनमें वह रात को करंट छोड़ दिया करता था। बताया गया कि सोमवार शाम को भी उसने तारों में करंट छोड़ दिया था। इसी बीच देर शाम गांव निवासी किसान सियाराम का 12 वर्षीय पुत्र हरेंद्र खेत पर शौच के लिए गया था। यहां से लौटते वक्त वह करंट की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गया। वहां से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने देखा तो शोर मचाया। आनन फानन अन्य ग्रामीणों ने खेत मालिक को सूचना दी और मासूम के परिजनों को भी जानकारी दी गई। ग्रामीण उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे हायर मेडिकल सेंटर अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। लेकिन, उसकी रास्ते में ही बालक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, बालक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी राकेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।