अब उपभोक्ता किसी भी दुकान से ले सकेंगे राशन
बुलंदशहर। ग्रामीण क्षेत्र के उन राशन कार्ड उपभोक्ताओं के लिए एक अच्छी खबर है। जो प्रत्येक माह राशन की दुकान से फूड सिक्योरिटी योजना के तहत राशन प्राप्त करते हैं। अब वह किसी भी दुकान से अपना राशन ले सकेंगे। इसके लिए पोर्टेबिलिटी सुविधा शुरू हो गई है।
जनपद में फूड सिक्योरिटी योजना के पात्र परिवारों की संख्या 6.10 लाख से अधिक है। जबकि सरकारी राशन की दुकानों की संख्या 1426 है। ग्रामीण क्षेत्र में संचालित 1120 राशन की दुकानों से 4.66 लाख से अधिक परिवार जुड़े हुए हैं। इन सभी परिवारों को प्रत्येक माह पांच किलो राशन मिलता है। शासन ने पिछले दिनों आदेश जारी किया था कि उपभोक्ता अब किसी भी दुकान से अपना राशन प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टेबिलिटी की सुविधा शुरू की थी। इसके तहत नगर क्षेत्र की दुकानों पर इसकी सुविधा विगत अगस्त माह को शुरू कर दी थी। जबकि अब नवंबर माह से इसकी सुविधा ग्रामीण क्षेत्र की दुकानों पर भी शुरू हो गई है। विभागीय अफसरों ने ग्रामीण क्षेत्र के पात्र परिवारों से आह्वान किया है कि अब वह किसी भी दुकान से अपना राशन प्राप्त कर सकते हैं। यदि कोई दुकानदार राशन देने में आनाकानी करता है तो उसकी शिकायत विभागीय अधिकारियों को दें, ताकि उस पर कार्रवाई की जा सके।
शहरी क्षेत्र के बाद अब ग्रामीण क्षेत्र में राशन की दुकानों से जुड़े पात्र परिवार अब किसी भी दुकान से राशन प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्र की दुकानों पर पोर्टेबिलिटी की सुविधा शुरू हो गई है।
- केबी सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी, बुलंदशहर।