स्वाट टीम की गिरफ्त में हत्यारोपी मां-बेटा
- फोटो : BULANDSHAHR
युवक की हत्या में वांछित चल रहे मां-बेटा गिरफ्तार
बुलंदशहर। स्वाट टीम ने सोमवार को एक युवक की हत्या के मामले में तीन साल से वांछित चल रहे हत्यारोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसएसपी ने 25-25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की हुई थी। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। जबकि, मामले में दो आरोपी पूर्व में ही सलाखों के पीछे जा चुके हैं।
एसएसपी संतोष कुमार सिंह व एसपी क्राइम शिवराम यादव ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि स्वाट/सर्विलांस प्रभारी अखिलेश कुमार गौड़ सोमवार को टीम के साथ वांछित व पुरस्कार घोषित अपराधियों की तलाश में लगे हुए थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि नरसेना थाना क्षेत्र में तीन वर्ष पूर्व हुई हत्या की घटना में वांछित 25-25 हजार रुपये के दो आरोपी मां-बेटा अपने गांव बसी बांगर से चंदियाना होते हुए राजस्थान जाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही स्वाट टीम प्रभारी ने मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। जिनकी शिनाख्त कौशल्या पत्नी रमेश बावरिया व उसके पुत्र सुंदर पुत्र रमेश बावरिया के रुप में हुई। एसपी क्राइम ने बताया कि मामले मे आरोपी रमेश व दीपक पूर्व में ही जेल जा चुके हैं। जबकि, आरोपी मां-बेटा फरार चल रहे थे। जिनकी गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। दोनों आरोपी बीते तीन वर्ष से लगातार पुलिस को छका रहे थे।