जरा संभल कर निकलिए जनाब...हाइवे पर है डायवर्जन
बुलंदशहर। जनपद में भोले के भक्तों का आगमन प्रारंभ हो गया है। जनपद की सीमा गुलावठी थाना क्षेत्र से प्रारंभ होती है। गुलावठी और हापुड़ थाना क्षेत्र की सीमा से लेकर अरनियां थाना क्षेत्र में अलीगढ़ सीमा तक नेशनल हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद किया गया है। भूड़ चौराहे से गुलावठी-हापुड़-मेरठ जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग कर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह निषेध कर दिया गया है।
30 जुलाई को सावन माह की शिवरात्रि का त्योहार जिलेभर में धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए पुलिस व प्रशासन अपनी कमर पूरी तरह से कस चुका है। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए रूट डायवर्जन से लेकर विभिन्न इंतजाम किए गए हैं। गौरतलब है कि जनपद का गुलावठी थाना हापुड़ थाने की सीमा से सटा हुआ है। हापुड़-गोमुख व गंगोत्री से अपने आराध्य भगवान शिव के लिए जल लाने वाले कांवड़िए अधिकतर इसी हापुड़ होते हुए गुलावठी की सीमा से जिले में प्रवेश करते हैं। शिवरात्रि को अब सिफ 24 घंटे का समय बाकी रह गया है। पुलिस ने जनपद को विभिन्न जोन व सेक्टरों में बांट कर सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद कर दिया है। बुलंदशहर से मेरठ की ओर जाने वाले हाईवे पर रूट डायवर्ट किया गया है। वहीं, गुलावठी में सिकंदराबाद की ओर से आने वाले वाहनों को सिकंदराबाद से डायवर्ट कर दिया गया है। वहीं, अनूपशहर और अहार मार्गों पर भी पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया है।
जनपद में ये हैं कांवड़ियों के रूट
- हापुड़-गुलावठी-बुलंदशहर-खुर्जा होते हुए अलीगढ़।
- हापुड़-गुलावठी होते हुए सिकंदराबाद मार्ग।
- गढ़-स्याना-नरसैना-ऊंचागांव-अहार मार्ग।
- गढ़-स्याना-औरंगाबाद- बुलंदशहर मार्ग।
- अनूपहशहर-अहार-जहांगीराबाद-बुलंदशहर मार्ग।
- अनूपहशहर-छतारी-अलीगढ़ मार्ग।
- राजघाट-नरौरा-रामघाट-अतरौली होते हुए अलीगढ़।
कोट..
-गुलावठी-हापुड़-मेरठ मार्ग पर रूट डायवर्ट किया गया है। साथ ही फोर्स की तैनाती कांवड़ मार्गों पर कर दी गई है। कांवड़ मार्गों पर किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जा रही है। - अतुल कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी