बुलंदशहर : जिला पंचायत में किसके सिर पर सजेगा ताज, फैसला आज
जिला पंचायत उपचुनाव के लिए सोमवार को मतदान और मतगणना होगी। परिणाम भी शाम तक घोषित कर दिया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। डीएम ने मतदान पर भारी पुलिसबल तैनात करने और कलक्ट्रेट गेट पर बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए हैं।
लंबे समय से खाली चल रहे जिला पंचायत को सोमवार को नया अध्यक्ष मिल जाएगा। एडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार के अनुसार डीएम कोर्ट में सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक मतदान होगा। उसके बाद मतगणना होगी। देर शाम तक परिणाम घोषित हो जाएगा। एडीएम ने बताया कि मतदान के दौरान पुलिस को छोड़कर किसी भी व्यक्ति को कलक्ट्रेट परिसर की 200 मीटर की परिधि में हथियार लाना प्रतिबंधित रहेगा। डयूटी पर तैनात कर्मचारी व अधिकारी के अतिरिक्त किसी भी व्यक्ति के निजी वाहन सुबह 9 बजे से शाम तक कलक्ट्रेट परिसर में बैन रहेंगे। किसी भी प्रकार के धरना प्रदर्शन पर प्रतिबंध रहेगा। मतदाताओं को अपने मतपत्र पर अधिमान अंग्रेजी के शब्दों में अंकित करना अनिवार्य है। अन्यथा मतपत्र अवैध माना जाएगा। मतदान लिए मतदाता को फोटो युक्त पहचान पत्र, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, शस्त्र लाइसेंस, पासपोर्ट आदि में से कोई एक साथ लाना होगा। मतदान कक्ष में प्रत्याशी अथवा मतदाता को कैमरा, मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रानिक सामान लाना प्रतिबंधित रहेगा।
‘ताज’ के तीन दावेदार
जिला पंचायत अध्यक्ष पद का उपचुनाव काफी दिलचस्प रहा है। ये कयास लगा पाना कठिन है कि अध्यक्ष पद का ताज किसके सिर सजेगा। बाकी प्रत्याशियों के मैदान से हटने के बाद अब मुख्य मुकाबला ओमवीर सिंह, रेनू चौधरी और महेंद्र भैया के बीच है। तीनों प्रत्याशी चुनाव के लिए दिन रात एक किए हैं।
इंसेट
पांच सालो में सदस्यों की आ गई मौज
अध्यक्ष पद का चुनाव कोई भी लड़े, लेकिन सदस्यों की पांच सालों में मौज रही है। इन पांच सालों में तीसरी बार चुनाव हो रहा है। जिसमें सदस्यों को उनकी मांगों के हिसाब से खुश किया जा रहा है। कई ऐसे सदस्य भी हैं जिन्होंने त्रिकोणीय मुकाबला होने के कारण दो-दो प्रत्याशियों से अपनी मांगेें मंगवा ली हैं।
कोट
चुनाव के लिए जिला प्रशासन की तैयारी पूरी है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी। उपचुनाव शांतिपूर्वक सम्पन्न करना ही प्रशासन का लक्ष्य है।
रवींद्र कुमार, एडीएम प्रशासन