गुलावठी रोड पर यातायात शुरू न होने पर भड़के लोग
सिकंदराबाद। गुलावठी रोड पर पुलिया निर्माण का कार्य चलने के कारण एक माह से अधिक समय से यातायात बंद होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। जल्द यातायात शुरू कराने की मांग को लेकर लोगों ने पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया।
सिकंदराबाद को गुलावठी से जोड़ने के लिए सिकंदराबाद गुलावठी रोड मुख्य मार्ग है। गुलावठी रोड पर पड़ने वाले गांव के लोगों के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय वाहन चालक गुलावठी रोड से होकर गुजरते हैं। ओम पैलेस के पास नाले पर पुलिया निर्माण के कार्य के चलते गत 26 फरवरी को रास्ता रोक दिया गया था। पालिका ने एक माह बाद रास्ते को पुन: यातायात के लिए खोले जाने की तिथि निर्धारित की थी। रास्ते बंद होने के कारण वाहन चालक बाइक पास के रास्ते सिकंदराबाद में प्रवेश कर रहे थे और उसी रास्ते से वापस लौट रहे थे। जिसके चलते उन्हें लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा था और उन्हें परेशान का सामना करना पड़ रहा था। वही बाइक चालक सिकंदराबाद आने जाने के लिए गलियों के रास्ते का प्रयोग कर रहे थे। तंग गलियों से आने जाने में उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। एक माह बाद दो पहिया वाहनों के लिए तो रास्ता खोल दिया गया लेकिन बड़े वाहनों के लिए आज भी रास्ता नहीं खोला गया। ईओ विनोद कुमार का कहना है कि पुलिया का निर्माण निर्धारित समय में हो गया था। एक माह बाद दुपहिया वाहनों के लिए रास्ता खोल दिया गया। जल्द ही रैंप का निर्माण कार्य पूरा कर रास्ते को बड़े वाहनों के लिए भी खोल दिया जाएगा।