दिनदहाड़े कलेक्शन एजेंट से 40 हजार लूटे, थाने से 500 मीटर की दूरी पर हुई वारदात
ककोड़ । बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े थाने से पांच सौ मीटर की दूरी पर कलेक्शन एजेंट से 40 हजार रुपये व रिचार्ज कूपन लूट लिए। लूट की सूचना पर एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव, सीओ गोपाल सिंह मौके पर पहुंचे। पीड़ित एजेंट ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
गांव भीकमपुर थाना रबूपुरा निवासी सुग्रीव पुत्र बीर सिंह ने बताया कि वह सोनी डेली कॉम कंपनी में कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्य करता हैं। कंपनी का ऑफिस चोला चौकी पर है। उनकी कंपनी डेलीकॉम सेवा देने वाली कंपनी के सिम रिचार्ज करने का कार्य करती हैं। बताया कि शुक्रवार की दोपहर वह ककोड़ क्षेत्र से कलेक्शन कर वापस ऑफिस लौट रहा था। तीन बजे के आसपास सिकंदराबाद जेवर मार्ग पर थाना ककोड़ से करीब 500 मीटर की दूरी पर सरे बाजार प्रेमगार्डन के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए रोक लिया और उसके हाथ से कलेक्शन का बैग छीनने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने उसपर फायर दाग दिया। पहली गोली उसके सिर से ऊपर से होकर निकल गई। दूसरी गोली उसकी बाइक की टंकी में लगी। बताया कि बदमाश उसके हाथ कलेक्शन का बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में कलेक्शन के 40 हजार रुपये व रिचार्ज कूपन थे। दिनदहाड़े लूट की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए कांबिंग की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। एसपी सिटी, सीओ ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही हैं। वही अन्य माध्यमों से भी लुटेरों की जानकारी की जा रही है। घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।