चुनाव में ड्यूटी न जाने पर सिपाही निलंबित
बुलंदशहर। पुलिस लाइन में तैनात सिपाही ने बीते दिनों चुनाव में ड्यूटी करने से इनकार कर दिया। रिजर्व इंस्पेक्टर (आरआई) ने सिपाही की रिपोर्ट एसएसपी संतोष कुमार सिंह को सौंपी। इसके बाद सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।
10 फरवरी को जनपद में विधानसभा चुनाव संपन्न हुआ था। जिसके बाद अन्य चरणों का चुनाव कराने के लिए जनपद से 11 फरवरी को फोर्स गैर जनपद के लिए रवाना हुई। जिसमें करीब 1100 पुलिसकर्मी तैनात किए गए। इस दौरान पुलिस लाइन में तैनात सिपाही राजिक अली की भी गैरजनपद में मतदान के लिए ड्यूटी लगाई गई थी। राजिक अली ने मतदान में ड्यूटी किसी अन्य की लगी होने की बात कही। आरआई अजय श्रीवास्तव ने बताया कि पहले बूथ पर किसी अन्य सिपाही की ड्यूटी लगाई गई थी। जबकि, दूसरी सूची में राजिक अली की ड्यूटी बूथ पर लगाई गई थी। इससे क्षुब्ध होकर राजिक अली ने ड्यूटी से इनकार कर दिया, इसकी रिपोर्ट एसएसपी को भेजी गई है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।