बुलंदशहर में वीडियोग्राफी के बीच 462 टेबल पर मतगणना आज, दो दिन तक आएंगे नतीजे
बुलंदशहर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए रविवार को मतगणना की जाएगी। इस दौरान कोविड गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए नियम बनाया गया है कि न्याय पंचायत की सबसे छोटी ग्राम पंचायत की सबसे पहले तो बड़ी की सबसे बाद में मतगणना की जाएगी। जिससे मतगणना स्थल पर लोगों की अधिक भीड़ एकत्रित नहीं होगी। मतगणना केंद्र पर कर्मी सुबह सात बजे पहुंच जाएंगे। नतीजे दो दिन आएंगे।
रविवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना की जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन के आदेश पर प्रति न्याय पंचायत तीन टेबल की व्यवस्था की गई है। जिसके चलते जिले की कुल 154 न्याय पंचायतों के लिए कुल 462 टेबल की व्यवस्था की जा रही है। सभी टेबल पर मतगणना के दौरान वीडियोग्राफी कराने की भी व्यवस्था की गई है। सदर ब्लॉक की डीएवी इंटर कालेज में तो सिकंदराबाद ब्लॉक की नवीन फल एवं सब्जी मंडी में मतगणना होगी। कोविड गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए सभी ब्लॉक के आरओ ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक न्याय पंचायत में आने वाली सबसे छोटी ग्राम पंचायत की सबसे पहले और सबसे बड़ी ग्राम पंचायत की सबसे अंत में मतगणना की जाए। इसके लिए प्रत्याशियों को भी अवगत करा दिया गया है। जिससे कि एक साथ मतगणना स्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित न होने पाए। जिले की 940 ग्राम पंचायतों, जिला पंचायत के 52 वार्ड, बीडीसी के 1315 वार्ड, ग्राम पंचायत सदस्य के 12154 वार्ड के लिए मतगणना की जाएगी।
मतगणना निष्पक्ष कराने के लिए डीएम को लिखा पत्र
मतगणना को निष्पक्ष रूप से कराने के लिए भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने डीएम को पत्र लिखा है। उन्होंने मांग की है कि मतगणना में जुटे कर्मचारियों को निष्पक्षता से मतदान न कराने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
छह गांवों के प्रत्याशियों ने नहीं वापस लिया नामांकन
मतदान से पहले ही छह गांवों में प्रधान पद के प्रत्याशी की मौत के कारण डीएम ने वहां पर मतदान स्थगित कर दिया था। नए आदेशों के मुताबिक नौ मई को अब सभी छह गांव सिकंदराबाद के रिटौली, बीबीनगर के निखोब, अनूपशहर के ऐंचोरा, अगौता के सूजापुर, डिबाई के रामपुर और दानपुर के शहदवां में शनिवार को नाम वापसी की प्रक्रिया की गई, लेकिन किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी रामकुमार अत्री का कहना है कि मतगणना के दौरान सबसे छोटी ग्राम पंचायत की पहले और सबसे बड़ी ग्राम पंचायत की सबसे बाद में मतगणना करने का फैसला लिया गया है। कुल 462 टेबल पर मतगणना की जाएगी। रोस्टर के लिए सभी प्रत्याशियों को अवगत कराया गया है। जिससे मौके पर एक साथ भीड़ एकत्रित न हो, फर्जीवाड़ा रोकने के लिए मतगणना के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। छह गांवों में नौ मई को मतदान के लिए किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया है।