गुलावठी क्षेत्र के कोटा गांव में आग से जली गेहूं की फसल।
- फोटो : BULANDSHAHR
आग लगने से 20 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख
बुलंदशहर। गुलावठी क्षेत्र के गांव कोटा में शुक्रवार को आग लगने से करीब 20 बीघा गेहूं की फसल जल गई। फसल जलने से चार किसानों को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
आग लगने से गांव कोटा के किसान जगवीर, इंद्रजीत, करनवीर और प्रवीन यादव की करीब 20 बीघा गेहूं की फसल जली है, जिस समय फसल में आग लगी उस समय आसपास के किसानों के साथ ग्रामीणों ने भी आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया। लेकिन आग इतनी उग्र हो चुकी थी उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इसकी सूचना फायर बिग्रेड को भी दी गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर किसानों ने काबू पाया। तब जाकर आसपास के किसानों ने भी राहत की सांस ली। बताया गया कि यदि आग पर जल्द काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के दूसरे खेतों में भी पहुंच जाती और इससे अन्य किसानों की फसल भी जल सकती थी, जिन किसानों की गेहूं की फसल जली है। उनका कहना है कि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। किसानों ने शासन और प्रशासन से जली फसल का मुआवजा दिलाने की मांग की है।