बच्चों के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या
औरंगाबाद। मोहल्ला नई बस्ती में खेल के दौरान बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद में एक पक्ष के लोगों ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच में जुटी हुई है।
मोहल्ला नई बस्ती स्थित टंकी वाला निवासी रफियुल पुत्र महरूम हाफिज खलीक सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सैयद हिमायत अली की कोठी पर नौकरी करता था। शुक्रवार देर शाम रफियुल और अमीरा के बच्चों के बीच खेलने को लेकर मामूली विवाद हो गया। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच कांग्रेस नेता हुसैन अली और सपा नेता गौहर अली ने समझौता करा दिया था। बताया गया है कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे रफियुल सपा नेता की कोठी से पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में अमीरा के दर्जनभर परिजनों ने उसे घेर लिया और उसकी लात घूसों से बेरहमी से पिटाई कर दी। मोहल्ले के लोगों ने मौके पर पहुंचकर युवक को बचाया और बेहोशी की हालत में उसे सीएचसी लखावटी ले गए। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं, सपा नेता हिमायत अली ने एसएसपी संतोष कुमार सिंह को फोन कर मामले की जानकारी दी। सूचना पर एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी, सीओ सिटी संग्राम सिंह, इंस्पेक्टर औरंगाबाद अरुणा राय और इंस्पेक्टर खानपुर नरेश शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। लेकिन, पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही आरोपी फरार हो गए। एसपी सिटी ने मोहल्ले में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया है। मृतक के भाई शफीयूल ने दूसरे पक्ष के आरोपी परवेज, शादाब, शफीक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
हमलावर जानते थे कि रफियूल कोठी से किस वक्त लौटेगा। कोठी से लौटते ही हमलावर एक साथ उस पर टूट पड़े। यदि पब्लिक उसे नहीं बचाती तो शायद उसकी मौके पर ही मौत हो सकती थी। वारदात से एक घंटे पहले कांग्रेस नेता हुसैन अली और सपा नेता गौहर अली ने ही दोनों पक्षों में बीच बचाव कराया था।
जिस दिन रफियुल की हत्या हुई उसके दूसरे दिन उसके एक वर्ष के बेटे मोहम्मद मुस्तफा का जन्मदिन था। घर में बेटे के जन्मदिन की तैयारी चल रही थी। पिता के मौत से अपने घर में मातम है।
एसएसपी संतोष कुमार सिंह = तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक दृष्टया पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक से होना सामने आया है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।