ट्रैक्टर ने दंपती को रौंदा, गर्भवती महिला की मौत
बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र में गांव गंगेरूवा फ्लाईओवर के पास बेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक सवार दंपती को रौंद दिया। हादसे में गर्भवती महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव जाहिदपुर निवासी कपिल पुत्र सत्यपाल सिंह ने तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार को वह पत्नी सुधा (33) के साथ बाइक से जा रहा था। उसकी पत्नी चार माह की गर्भवती थी। गांव गंगेरूवा फ्लाई ओवर के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में कपिल और उसकी गर्भवती पत्नी सुधा गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों व स्थानीय लोगों की सूचना पर जब तक पुलिस पहुंची सुधा की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। कोतवाली देहात पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली देहात प्रभारी विवेक शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपी चालक का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम कराकर पीड़ित परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे के बाद से मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।