पांच फेज में लगेगा जिले के लोगों को कोरोना का टीका
बुलंदशहर। कोविड-19 से रोकथाम के लिए पांच फेज में जिले वासियों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी। पहले फेज में स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगेगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सरकारी और निजी अस्पतालों के करीब 13500 लोगों की सूची बनाकर शासन को भेजी गई है। वैक्सीन आने से पूर्व कोल्ड चेन की तैयारी अंतिम चरण में है। वहीं, स्वास्थ्यकर्मियों और पुलिस कर्मियों के बाद सर्वे कर आम जनता को टीका लगाया जाएगा।
कोरोना संक्रमण से पूरा विश्व प्रभावित है। वहीं, दूसरी और जिले में अब तक 5500 से अधिक संक्रमित मिल चुके हैं। संक्रमण को रोकने के लिए टीका अभी जिले में आया नहीं है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से वैक्सीन के रखरखाव को लेकर तैयारी शुरू हो चुकी है। वैक्सीन आने पर जिले के स्वास्थ्य कर्मियों को सर्वप्रथम टीका लगाया जाएगा। इसके लिए शासन द्वारा एक माह पूर्व स्वास्थ्य विभाग से सरकारी चिकित्सालयों के साथ निजी अस्पताल में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों की सूची मांगी गई थी। अफसरों के अनुसार शासन से पत्र मिलने के बाद सभी अस्पतालों को पत्र भेजकर कर्मचारियों की संख्या मांगी गई है। इसमें जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आयुर्वेदिक अस्पताल, यूनानी अस्पताल और निजी नर्सिंग होम व अस्पताल शामिल हैं। जिले के सभी अस्पताल से स्वास्थ्य कर्मियों का डाटा मिलने पर सभी की पद के अनुसार सूची बनाकर शासन को भेज दी गई है।
स्वास्थ्य अफसरों के अनुसार जिले वासियों को पांच फेज में कोरोना वैक्सीन लगेगी। पहले फेज में स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना वैक्सीन लगाकर शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद दूसरे फेज में पुलिस के जवान, मीडियाकर्मी, सफाईकर्मी व अन्य कर्मियों को, तीसरे फेज में 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को और बीमार व्यक्तियों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। चौथे फेज में 50 वर्ष से कम उम्र के बीमार व्यक्तियों को तो शेष बचे लोगों को पांचवें व अंतिम चरण में कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी।
स्वास्थ्य अफसरों के अनुसार तीसरे चरण में हाई रिस्क लोगों को कोरोना वैक्सीन लगेगी। जिले में शुगर, मधुमेह, हृदय रोग, हाइपरटेंशन जैसे गंभीर रोगी और गर्भवती महिलाओं को टीका लगाने के लिए गांव-गांव अभियान चलाकर सर्वे कराया जाएगा। यह सर्वे आशा और एएनएम द्वारा किया जाना है।
शासन ने 15 दिसंबर तक कोल्ड चेन को तैयार करने के निर्देश दिए थे। शासन के निर्देश पर जिले में युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है। अफसरों ने 15 दिसंबर से पूर्व कोल्ड चेन बनाने का दावा किया है। कोल्ड चेन बनने के बाद मशीनों का आना शुरू हो जाएगा। जिससे वैक्सीन आने से पूर्व कोल्ड चेन में सभी दवाई आदि रखने की व्यवस्था हो सके।
डॉ. भवतोष शंखधर, सीएमओ - शासन के निर्देश पर सरकारी एवं निजी अस्पतालों में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों का डाटा भेजा जा चुका है। जिले से करीब 13 हजार 500 स्वास्थ्य कर्मियों का डाटा शासन को भेजा गया है। साथ ही कोल्ड चेन बनने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।