भ्रष्टाचार में लिप्त सिपाहियों की गिरफ्तारी जल्द
बुलंदशहर। लोगों को पकड़कर पैसे लेकर छोड़ने वाले चार सिपाहियों की जल्द ही गिरफ्तारी संभव है। मुकदमे की विवेचना कर रहे आईपीएस गोपाल चौधरी ने जांच तेज कर दी है। वहीं, अब मुकदमा वादी के बयान दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। बयान होने के बाद विवेचक द्वारा डीजीपी को पत्र भेजकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जाएगी। साथ ही आरोपी सिपाहियों ने जिन लोगों को पकड़ा था, उनकी उस समय की सीडीआर व लोकेशन भी जांची जाएगी।
गौरतलब है कि सिकंदराबाद थाने में तैनात हेड कांस्टेबल संजीव मलिक, जाहिर हुसैन, योगराज सिंह और सिपाही धीरज कुमार पर गुड़गांव कोर्ट काम्ॅप्लेक्स निवासी अधिवक्ता दिनेश चौहान ने आरोप लगाया था कि यह लोग बेकसूर लोगों को उठाते हैं और रुपये लेने के बाद छोड़ते हैं। आरोप है कि आगरा के भी 12 सिपाही इस कांड में लिप्त हैं, जिसके बाद आगरा एसएसपी को इस मामले में जांच के लिए कहा गया था। इन सभी सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने निलंबित कर दिया था। सीओ सिकंदराबाद और आईपीएस गोपाल चौधरी ने बताया कि आरोपी सिपाहियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और रंगदारी मांगने में मुकदमा बीते दिनों दर्ज हुआ था। उन सभी के नंबरों की सीडीआर निकलवाने के लिए टेलीकॉम कंपनियों को आवेदन भेजा गया है। जल्द ही सीडीआर आ जाएगी। इसके बाद उन घटनाक्रमों का ब्योरा जुटाया जाएगा, जिनमें सिपाहियों ने लोगों को उठाया और फिर पैसा लेकर छोड़ा। तथ्य जुटाने के बाद सिपाहियों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।