बुलंदशहर में मिला कोरोना का संदिग्ध
बुलंदशहर। कोरोना वायरस से पीड़ित गाजियाबाद निवासी व्यक्ति के संपर्क में आए जनपद के जहांगीराबाद निवासी युवक को जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। उसका सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेजा गया है। वहीं, युवक के सात परिजनों को भी एहतियातन जिला अस्पताल में भर्ती कर निगरानी में रखा गया है।
कोरोना वायरस को लेकर एहतियात के तौर पर अफसरों को पूर्व में ही शासन द्वारा अलर्ट जारी कर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। कोरोना वायरस की चपेट में आए सिकंदराबाद निवासी युवक और उसके परिवार की रिपोर्ट निगेटिव आने पर अफसरों ने जहां राहत की सांस ली थी। वहीं, अब जनपद के जहांगीराबाद निवासी एक युवक के गाजियाबाद के कोरोना वायरस से पीड़ित व्यापारी के संपर्क में आने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। जहांगीराबाद क्षेत्र निवासी एक युवक बिजनेस करता है। वह गत दो मार्च को गाजियाबाद निवासी एक कारोबारी से मिला था, तीन मार्च को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कारोबारी को अस्पताल में भर्ती कराकर सैंपल जांच को भेजा, जहां पांच मार्च को कारोबारी की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर अफसरों में हड़कंप मच गया। इसके बाद कारोबारी से गत माह में मिलने वाले लोगों को ब्यौरा एकत्र करना शुरू कर दिया। जहांगीराबाद निवासी युवक के संबंधित कारोबारी से मुलाकात की जानकारी मिलने पर बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग के अफसरों द्वारा संपर्क किया गया और शुक्रवार को युवक के जिला अस्पताल आने पर संबंधित को आइसोलेशन वार्ड (कोरोना वार्ड) में भर्ती कर सैंपल लेकर जांच को एनसीडीसी दिल्ली भेज दिया गया, जिसकी रिपोर्ट शनिवार शाम तक आने की उम्मीद है। इसी एहतियात को देखते हुए युवक के साथ परिवार के सात सदस्यों को भी कोरोना वार्ड में भर्ती कराया गया। वहीं, जांच रिपोर्ट आने तक पूरा परिवार स्वास्थ्य अफसरों की निगरानी में रहेगा। रिपोर्ट निगेटिव आती है तो इनको घर भेज दिया जाएगा।
डॉ. केएन तिवारी, सीएमओ = जहांगीराबाद निवासी व्यापारी को गाजियाबाद निवासी कोरोना रोगी के संपर्क में आने की सूचना पर एहतियात के तौर पर भर्ती किया गया है। साथ ही व्यापारी का परिवार भी आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। जांच रिपोर्ट आने तक परिवार कोरोना वार्ड में ही रहेगा। रिपोर्ट निगेटिव आने पर घर भेज दिया जाएगा और यदि रिपोर्ट पाजिटिव आती है तो परिवार के अन्य सदस्यों का सैंपल भी जांच को भेजा जाएगा।