होली पर बिजली और पानी की नहीं होगी कमी
बुलंदशहर। होली त्योहार नजदीक आते ही पालिका और पावर कारपोरेशन तैयारियों में जुट गए है। रंगों के त्योहार होली पर पानी और बिजली भरपूर मिल सके इसके लिए तैयारी की जा रही है। पावर कारपोरेशन ने उपकेंद्र और बिजली घरों पर कर्मचारियों की तैनाती करने की योजना बनाई है तो वहीं, नगर पालिका ने भी नलकूपों पर कर्मचारियों को ड्यूटी देने की योजना बनाई है।
होली पर लोगों को भरपूर बिजली और पानी मिले इसके लिए पावर कारपोरेशन और नगर पालिका अफसरों ने तैयारियां शुरू कर दी है। पावर कारपोरेशन ने जिले को रोस्टरिंग फ्री करने के लिए मुख्यालय को पत्र भेजा है। चीफ इंजीनियर आरपीएस तोमर ने बताया कि होली पर बिजली कटौती नहीं होगी। फाल्ट होने की समस्या का समाधान करने के लिए कर्मचारियों की अलग-अलग समय पर ड्यूटी लगाई जा रही है। लाइन में फाल्ट या अन्य कोई भी समस्या होने पर कर्मचारियों को तत्काल समस्या को दूर करने के निर्देश दिए जाएंगे। वहीं, पालिका चेयरमैन मनोज गर्ग ने बताया कि नलकूप पर कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जा रही है। साथ ही कुछ स्थानों पर पानी की अतिरिक्त व्यवस्था के लिए टैंकरों की भी व्यवस्था की जाएगी। रंगों के त्योहार के दिन कोई भी लीकेज या अन्य समस्या होने पर कर्मचारी को तत्काल सही करने के निर्देश दिए जाएंगे। जिससे पानी की कमी के चलते कोई रंगों में सरोवर होने से वंचित न रह सके।