पैदल किसान को अनियंत्रित कार ने रौंदा, मौत
गुलावठी। गुलावठी-सिकंदराबाद मार्ग पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क पर पैदल जा रहे एक किसान को रौंद दिया। हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पेास्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
गुलावठी थाना क्षेत्र के गांव भटौना निवासी रामवीर सिंह (70) खेतीवाड़ी कर अपना व परिवार का पालन पोषण करते थे। बताया गया कि मंगलवार सुबह वह घर से कहीं जाने के लिए निकले थे। गांव के पास ही सड़क किनारे वह पैदल जा रहे थे। बताया गया कि इस दौरान तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उन्हें रौंद दिया। इसके बाद आरोपी कार चालक मौके से भाग निकला। सूचना मिलते ही ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंच कर गए। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।