आठ निकाय में नहीं चला निराश्रित गोवंश पकड़ने का अभियान
बुलंदशहर। शासन के सख्त निर्देशों के बाद भी निकाय क्षेत्रों में निराश्रित गोवंश को पकड़ने के लिए अभियान नहीं चलाए जा रहे हैं। जिसे संज्ञान में लेकर एडीएम प्रशासन ने नाराजगी जताई। साथ ही नगर, सिकंदराबाद, स्याना, शिकारपुर, डिबाई, औरंगाबाद, बीबीनगर, छतारी ईओ से अभियान न चलाने पर स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं, कर-करेत्तर में शासन के नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
कलक्ट्रेट सभागार में कर करेत्तर की शनिवार शाम बैठक आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न कार्य योजना की समीक्षा करते हुए अभियान में सहयोग न दिए जाने पर एडीएम प्रशासन ने नाराजगी जाहिर की। एडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशों के बावजूद निकाय अफसरों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। शासन के नियमों का पालन कराने को लापरवाही बरतने वाले पालिका ईओ से स्पष्टीकरण मांगा गया है। बताया कि गत माह खुर्जा, जहांगीराबाद और शिकारपुर पालिका द्वारा सबसे कम वसूली की गई। साथ ही बुलंदशहर, खुर्जा, सिकंदराबाद, स्याना, जहांगीराबाद, शिकारपुर, डिबाई, गुलावठी, खानपुर और छतारी में निर्धारित लक्ष्य से कम वसूली करने पर संबंधित अधिशासी अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन योजना (नगरीय) के तहत बुलंदशहर में 54 के सापेक्ष 16, बीबीनगर में 15 के सापेक्ष 12, बुगरासी में 10 के सापेक्ष शून्य, पहासू में चार के सापेक्ष तीन और ककोड़ में 15 के सापेक्ष 13 यूरिनल सीट का निर्माण कराए जाने पर संबंधित से स्पष्टीकरण मांगते हुए प्रथम सप्ताह में यूरिनल सीटों का निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। जनपद में प्रतिबंधित पॉलीथिन के लिए बुलंदशहर, अनूपशहर, गुलावठी और बुगरासी में एक किलोग्राम से भी कम जब्तीकरण किया गया। जो शासन के आदेश का उल्लंघन है। साथ ही अवैध निर्माण को हटाने के लिए बीबीनगर और बुगरासी में कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके अलावा निराश्रित गोवंश को पकड़ने के लिए बुलंदशहर, सिकंदराबाद, स्याना, शिकारपुर, डिबाई, औरंगाबाद, बीबीनगर और छतारी में फरवरी माह के दौरान एक भी गोवंश न पकड़े जाने के साथ कोई भी अभियान नहीं चलाया गया। आदेश देने के बाद भी कार्रवाई न करने पर संबंधित ईओ से स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्पष्टीकरण संतोषजनक न होने पर शासन को अवगत कराया जाएगा। बताया कि इसके अलावा अन्य योजनाओं को लेकर समीक्षा की गई। साथ ही बुलंदशहर स्याना और सिकंदराबाद में संचालित कान्हा गोशाला के निर्माण में प्रगति की रिपोर्ट फोटोग्राफ समेत 20 मार्च तक निर्माण पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए है।
----------
सड़कों पर नहीं है निराश्रित गोवंश, निकाय देंगे प्रमाण
बुलंदशहर। शासन के निर्देश पर नगर पालिका और नगर पंचायत अफसरों द्वारा सड़कों से निराश्रित गोवंश को पकड़ने के लिए निर्देश दिए गए है। लेकिन निकाय अफसरों द्वारा निराश्रित गोवंश को पकड़ने के लिए कोई भी अभियान नहीं चलाया जाता। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा, निकाय के प्रभारी अधिकारी ने सभी निकाय अफसरों को सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित गोवंशों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने के सख्त निर्देश दिए हैं। यदि कोई निकाय अभियान नहीं चलाती है तो संबंधित को सड़कों पर निराश्रित गोवंश न होने का प्रमाणपत्र देना होगा। इसके बाद कोई निराश्रित गोवंश सड़कों पर घूमता हुआ मिलता है तो संबंधित निकाय के अफसरों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
------------