विकसित होंगी परिषदीय स्कूलों की पोषण वाटिका
बुलंदशहर। परिषदीय स्कूलों में बनाई गई पोषण वाटिका एक बार फिर नए शिक्षण सत्र से विकसित होंगी। इसके लिए शासन से पांच हजार रुपये प्रति स्कूल मिलेंगे। वाटिका में उगाई जाने वाली सब्जी एमडीएम के खाने में शामिल होंगी।
विगत वर्ष शासन ने परिषदीय स्कूलों में पोषण वाटिका बनाने के आदेश जारी किए थे। स्कूल की पोषण वाटिका में सब्जी उगाए जाने का प्रावधान है। यहां उगाई जाने वाली सब्जियों को स्कूल में तैयार होने वाले एमडीएम में उपयोग में लाई जानी है। ताकि बच्चों को ताजी और स्वच्छ सब्जी मिल सके और स्वास्थ्य भी बेहतर रहे। शासन का आदेश था कि पोषण वाटिका सभी स्कूलों में बननी चाहिए। लेकिन जनपद के 2399 परिषदीय स्कूलों से लगभग 1500 स्कूल ही ऐसे है, जहां पोषण वाटिका के लिए पर्याप्त जगह है। जबकि शेष स्कूलों में जगह का अभाव है। ऐसे में विगत वर्ष उन्हीं स्कूलों में पोषण वाटिका बनाई गई, जहां पर्याप्त जगह थी। इसके लिए शासन से प्रत्येक स्कूल को पांच-पांच हजार की राशि भी मिली थी। अब शिक्षण सत्र संपन्न होने वाला है और अधिकतर स्कूलों में पोषण वाटिका में सब्जी नहीं उगाई जा रही। जबकि यह पोषण वाटिका नए शिक्षण सत्र से एक बार फिर विकसित होंगी। इसके लिए शासन से प्रत्येक स्कूल को पांच-पांच हजार की राशि प्रदान की जाएगी। बताया गया कि यह राशि शासन से जल्द ही जारी होने वाली है।
---------
जनपद के जिन स्कूलों में पोषण वाटिका बनी हुई है। उन्हें नए शिक्षण सत्र से फिर विकसित कर उनमें सब्जी आदि उगाई जाएंगी। इसके लिए प्रति स्कूल पांच-पांच हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
अखंड प्रताप सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बुलंदशहर।