लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं हुई तो कार्रवाई
बुलंदशहर। एडीएम प्रशासन ने कर करेत्तर की साप्ताहिक बैठक ली। इसमें लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं होने पर नाराजगी जताई। एडीएम ने संबंधित ईओ के खिलाफ कार्रवाई करने की संस्तुति की है।
बृहस्पतिवार को हुई बैठक में एडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार ने सभी निकायों की समीक्षा की। जिसमें पाया कि नगर पालिका खुर्जा, शिकारपुर, गुलावठी की क्रमिक वसूली सबसे खराब है। इसी प्रकार फरवरी माह के लक्ष्य के सापेक्ष निकाय बुलंदशहर, सिकंदराबाद, अनूपशहर, स्याना, जहांगीराबाद, शिकारपुर, डिबाई, गुलावठी एवं नगर पंचायत खानपुर, बुगरासी, बीबीनगर एवं छतारी द्वारा 33 प्रतिशत से भी कम वसूली की है। इससे नाराज होते हुए एडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार ने संबंधित ईओ और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की संस्तुति की। वहीं, स्वच्छ भारत मिशन योजना नगरीय के तहत बुलंदशहर निकाय के लक्ष्य 54 के सापेक्ष कुल 16, बीबीनगर के लक्ष्य 15 के सापेक्ष 12, छतारी के लक्ष्य 15 के सापेक्ष 13, बुगरासी के लक्ष्य 10 के सापेक्ष शून्य, पहासू के लक्ष्य 4 के सापेक्ष 3, ककोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष 13 यूरीनल सीट का निर्माण कराया हैं। जिसकों देखते हुए संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि फरवरी माह के अंत तक लक्ष्य की प्राप्ति की जाए। इसके अलावा प्रतिबंधित पॉलिथीन को जब्त कर कई नगर पालिकाओं द्वारा कुल एक किलोग्राम हुई है। एडीएम ने कहा कि यह नाकाफी है। इस सप्ताह कम से कम दस किलोग्राम तक जब्तीकरण होना चाहिए। जनपद में अवैध निर्माण और अतिक्रमण को देखते हुए नगर पालिकाओं से कहा कि पुलिस का सहयोग लेकर अवैध निर्माण और अतिक्रमण को हटवाया जाए।