यात्री प्लाजा पर एक्सपायरी डेट की 1000 कोेल्ड ड्रिंक कराई नष्ट
बुलंदशहर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार देर रात बड़ी कार्रवाई की। खुर्जा हाईवे पर स्थित एक यात्री प्लाजा में एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक की बोतल मिलने से अफसरों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में 1000 एक्सपायरी डेट की बोतलों को खाद्य विभाग की टीम ने नष्ट कराई। कोल्ड ड्रिंक की बोतलों को नष्ट कराने के बाद अफसरों ने प्लाजा संचालक से स्पष्टीकरण लिखवाया।
काफी समय से सुप्त अवस्था में रहा खाद्य सुरक्षा विभाग एक बार फिर से सक्रिय हो गया है। विभाग की टीम छापेमारी अभियान चला रही है। जिसमें कई खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए हैं। विभाग की माने तो कई दुकानदारों पर कार्रवाई भी की गई है। जिससे दुकानदारों में एक भय व्याप्त है। मंगलवार की रात करीब आठ बजे खाद्य विभाग की टीम ने रूटीन छापेमारी अभियान के तहत खुर्जा बाइपास पर छापेमारी की। विभाग के अफसरों ने बताया कि खुर्जा हाइवे स्थित कृष्णा यात्री प्लाजा की काफी दिनों से शिकायतें आ रही थी। टीम जब वहां पहुंची तो प्लाजा पर हड़कंप मच गया। कई कर्मचारी प्लाजा छोड़कर गायब हो गए। छापेमारी के दौरान वहां वैसे तो साफ सफाई व खाना ठीक मिला, लेकिन वहां पर कोल्ड ड्रिंक का जखीरा दिखाई दिया। डीओ डा. गौरीशंकर ने बताया कि जब कोल्ड ड्रिंक चेक की गई तो वह एक्सपायरी मिली। किसी की डेट एक माह पूर्व तो किसी की 15 दिन पूर्व समाप्त हो गई थी। तुरंत उन सभी कोल्ड ड्रिंक की बोतलों से प्लाजा संचालक के सामने ही नष्ट करवाया गया। बताया कि एक्सपायर डेट की कोल्ड ड्रिंक पीने से आदमी को कोई भी परेशानी हो सकती है। वैसे भी प्लाजा पर बाहर से बस द्वारा लोग आते है। अगर किसी ने कोल्ड ड्रिंक पी और उसकी तबियत खराब हो गई तो रास्ते में उसका कैसे उपचार संभव है। आदमी की जान तक जा सकती है। बोतलें नष्ट कराने के बाद प्लाजा संचालक से स्पष्टीकरण मांगा गया है कि मना करने के बाद भी एक्सपायरी डेट का सामान मिला है, तो क्यों न आपका लाइसेंस निरस्त कर दिया जाए। संचालक को 14 दिन का समय जबाव देने के लिए दिया गया है।
--------
दूध के टैंकरों से दो नमूने जांच को भेजे
मंगलवार की रात खुर्जा हाइपे पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अलग-अलग डेयरियों के दो दूध के टेंकरों को रूकवाया। उन दोनों में मिश्रित दूध भरा हुआ था। अफसरों ने बताया कि दूध देखने के बाद कुछ खराब सा लगा। दोनों टैंकरों से दूध का एक-एक नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-------
डीएम के निर्देशानुसार छापेमारी कार्रवाई की जा रही है। दोनों टैंकरों से दूध के नमूने जांच को भेज दिए है और प्लाजा संचालक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। आगे भी मिलावटी खाद्य पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई होती रहेगी।
डा. गौरीशंकर, डीओ, खाद्य सुरक्षा विभाग