8.30 करोड़ से नगर की सड़कें होंगी चकाचक
बुलंदशहर। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए एनजीटी ने तारकोल गर्म करने पर प्रतिबंध लगा दिया था, जिससे पिछले तीन माह से टूटी सड़कों की मरम्मत का कार्य नहीं हो पा रहा था। प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के बाद अब पीडब्ल्यूडी विभाग ने जिले की विभिन्न सड़कों के मरम्मत, चौड़ीकरण और नवीनीकरण का प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय को भेजा है। सब कुछ ठीक रहा तो मार्च माह में नगर की टूटी सड़कें दुरुस्त हो जाएंगी।
जिले की तीन दर्जन से अधिक सड़के इस बार प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की अवधि से बाहर हो जाएंगी। इन सड़कों पर अब लोक निर्माण विभाग के अधीन काम होंगे। इसके लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने टूटी सड़कों के प्रस्ताव तैयार किए हैं। अधिकारियों की मानें तो जिले में तीन दर्जन से अधिक टूटी सड़कों की मरम्मत होगी। इनकी लंबाई 80 किमी से अधिक हैं। कुछ सड़कें ऐसी भी हैं जिनका चौड़ीकरण होगा, कुछ ऐसी हैं जिनकी मरम्मत और नवीनीकरण होगा। इसके लिए लगभग 8.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। विभाग ने मुख्यालय को इन सड़कों बजट भेज दिया है। इन सड़कों पर सामान्य मरम्मत तथा दो सेमी की तारकोल लेयर बिछाई जाएगी।
इन सड़कों पर होगा कार्य
अनूपशहर- कर्णवास, राजघाट-नरौरा, डिबाई -कर्णवास, डिबाई -राजघाट, जहांगीराबाद - खानपुर, जहांगीराबाद -दौलतपुर और खानपुर- बसी मार्ग का कायाकल्प होगा।
यह रूटीन कार्य हैं जो हमेशा से ही विभाग कराता रहा है। जल्द ही इन तीन दर्जन से अधिक सड़कों का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
- जगदीश कुमार, एक्सइएन, प्रांतीय खंड पीडब्ल्यूडी