महाशिवरात्रि कांवड़ मेला की तैयारियों के लिए हुई बैठक
अनूपशहर। एसडीएम अनूपशहर पदम सिंह की अध्यक्षता में महाशिवरात्रि कांवड़ मेला की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। जिसमें मेला इंतजामों पर व्यापक चर्चा हुई। अनूपशहर गंगातट पर लगने वाले तीन दिवसीय मेला का शुभारंभ 18 फरवरी से होगा।
एसडीएम ने बताया कि मेला कंट्रोल रूम कस्तूरबा गांधी विद्यालय परिसर में बनाया जाएगा। महाशिवरात्रि पर अहार के अंबकेश्वर महादेव मंदिर व मलकपुर के ढाका स्थित शिवलिंग पर भी होने वाले जलाभिषेक की भी कार्ययोजना बनाई गई। बबस्टरगंज व मस्तरामघाट से बड़ी तादात में श्रद्धालुओं द्वारा कांवड़ उठायी जाएगी। पुलिस को सुरक्षा के चाक चौबंद बंदोबस्त करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर भी पुलिस ड्यूटी तैनात किए जाने के निर्देश दिए गए। नगरपालिका द्वारा वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था जेनरेटरों से किए जाने तथा विद्युत सुरक्षा विभाग को दुकानों व मेला क्षेत्र में होने वाली अस्थाई प्रकाश व्यवस्था की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं के ठहरने तथा साफ सफाई, टेंट पब्लिक एड्रेस सिस्टम, नाव व गोताखोरों की तैनाती आदि की पर्याप्त इंतजाम करने के कड़े निर्देश दिए। अहार के अंबकेवर महादेव मंदिर पर 20 व 21 फरवरी को होने वाले जलाभिषेक के मद्देनजर मंदिर मेला कमेटी, जहांगीराबाद नगरपालिका तथा पीएचसी तौली तथा एडीओ पंचायत को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। सीओ अतुल चौबे ने कहा कि भंडारे लगाने वालों को अनुमति लेनी होगी। बारिश के मद्देनजर विद्युत खंभों पर करंट से बचाब के लिये खंभों को प्लास्टिक से कवर किए जाने तथा मेला क्षेत्र में पॉलीथिन का प्रयोग न किए जाने की भी निर्देश दिए गए। इस दौरान तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह, पालिकाध्यक्ष ब्रजेश शर्मा, प्रभारी निरीक्षक मिथलेश उपाध्याय सहित बेसिक शिक्षा, नगरपालिका, पीडब्लुडी, खाद्य सुरक्षा, मंडी समिति, ब्लाक, आदि विभागों के अधिकारी तथा सभासदगण मौजूद रहे।