ब्लाक प्रमुख उपचुनाव का बजा बिगुल
बुलंदशहर। शासन से ब्लाक प्रमुख पद के लिए उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। अगौता और खुर्जा में ब्लाक प्रमुख पद के लिए 19 फरवरी को मतदान होगा। डीएम ने समय-सारणी जारी कर दी है।
डीएम रविंद्र कुमार ने प्रमुख पद के लिए समय-सारणी जारी करते हुए बताया कि विकास खंड अगौता और खुर्जा में चुनावी प्रक्रिया 17 फरवरी से शुरू हो जाएगी। बताया कि 17 फरवरी को सुबह 11 से तीन बजे तक नामांकन किया जाएगा। उसी दिन तीन बजे से कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच की होगी। 18 फरवरी को सुबह से 11 बजे से तीन बजे तक उम्मीदवारों की नाम वापसी की जाएगी। 19 फरवरी को सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक संबंधित इलाकों में मतदान की प्रक्रिया होगी। उसी दिन शाम तीन बजे के बाद कार्य समाप्ति तक मतगणना की जाएगी। इसके तुरंत बाद विजयी प्रत्याशी की घोषणा की जाएगी। बताया कि चुनाव में अगौता के लिए उपायुक्त उद्योग योगेश कुमार को और खुर्जा के लिए जिला भूमि संरक्षण अधिकारी घनश्याम वर्मा को सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है।