दहेज की मांग नहीं हुई पूरी, तो भरी पंचायत में दिया ‘तीन तलाक’
जहांगीराबाद। नगर निवासी एक महिला ने अपने शौहर पर एक लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर भरी पंचायत में तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने अपने ससुरालीजनों पर भी दहेज की खातिर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर पर आरोपी पति सहित छह ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली नगर के मोहल्ला निवासी आयशा की शादी 20 सितंबर 2016 को मुशर्रफ अंसारी निवासी मोगानगर दिल्ली के साथ हुई थी। पीड़ित महिला ने बीते दिनों एसएसपी को दी तहरीर में बताया था कि शादी में लाखों रुपए का दहेज देने के बाद भी एक लाख रुपये की मांग ससुरालीजन कर रहे थे। रुपये न मिलने पर पीड़िता को उसके पति, जेठ-जेठानी तथा नंद-नंदोई ने मारपीट करते हुए गत तीन जुलाई 2019 को घर से बाहर निकाल दिया था। जिसके बाद से पीड़िता अपने मायके में ही रह रही थी। आरोप है कि कुद दिन बाद आरोपी पति मुशर्रफ ने भरी पंचायत में आयशा को साथ न ले जाने की बात कहते हुए तीन बार तलाक बोलकर तलाक दे दिया। आरोपी पति ने महिला को कानूनी कार्यवाई करने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। वहीं एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली जहांगीराबाद को कार्यवाई के आदेश दिये। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी पति मुशर्रफ, जेठ मुशाहिद, सास इशरत, निवासी नेहरू विहार दिल्ली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला की तहरीर पर पति सहित 6 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व तीन तलाक की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
- विवेक शर्मा, कोतवाली प्रभारी