वेव शुगर मिल में अर्धनग्न होकर धरना प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : BULANDSHAHR
अर्द्धनग्न होकर किसानों ने गन्ना भुगतान की मांग की
बुलंदशहर। किसानों के पिछले पेराई सत्र और वर्तमान पेराई सत्र के गन्ना भुगतान न होने पर भाकियू भानु गुट के पदाधिकारियों ने अर्द्धनग्न होकर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध स्वरूप तीसरे दिन भी भारतीय किसान यूनियन भानू गुट के पदाधिकारियों ने किसानों के साथ वेब शुगर मिल परिसर में धरना जारी रखा। उनकी मांग है कि जब तक गन्ने का भुगतान नहीं होगा तब तक धरना जारी रहेगा।
गन्ना किसानों का भुगतान न होने पर भारतीय किसान यूनियन भानू गुट का आंदोलन दिन प्रति दिन तेज होता जा रहा है। बृहस्पतिवार को तीसरे दिन भी वेब शुगर मिल पर धरना जारी रहा। धरने में भानू गुट के जिलाध्यक्ष निशांत चौधरी और मंडल सचिव प्रशांत शर्मा ने कहा कि वह हमेशा से ही किसानों की लड़ाई जारी रखेंगे। किसानों की भुगतान के लिए हमेशा ही हमारा संघर्ष चलता रहेगा। राष्ट्रीय महासचिव धर्मेंद्र सिंह क्रियावली ने कहा कि जब तक मिल प्रबंधक गन्ना किसानों का भुगतान नहीं करेंगे तब तक यह धरना जारी रहेगा। इसको लेकर भारतीय किसान यूनियन भानू गुट ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। कहा कि इस धरना प्रदर्शन को विभिन्न सामाजिक संगठनों का समर्थन मिल रहा है। प्रदेश महासचिव बिट्टी गौड़ ने कहा कि भुगतान न होने से किसानों को बिजली के बिल की मार झेलनी पड़ रही है। जब तक किसानों का भुगतान उनके खाते में नहीं पहुंचेगा तब तक यह धरना जारी रहेगा। इस अवसर पर धीरेंद्र प्रधान, जगत सिंह सिसौदिया, देवेंद्र चौहान, गजेंद्र चौहान, मुनेश कुमार आदि दर्जनों किसान और पदाधिकारी उपस्थित रहे।