अमर उजाला विशाल किसान मेले में ट्रैक्टर की जानकारी लेते किसान।
- फोटो : BULANDSHAHR
किसान मेले में रागिनी कलाकारों ने बांधा समा, अखाड़े में पहलवानों ने दिखाए दांव
बुलंदशहर। नगर के नुमाइश मैदान में बृहस्पतिवार को अमर उजाला द्वारा आयोजित चार दिवसीय विशाल किसान मेले का शानदार आगाज हुआ। नगर मजिस्ट्रेट ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किसान मेले का शुभारंभ किया। मेले के पहले दिन किसानों की भीड़ उमड़ी तो किसानों ने मेले में खेती से जुड़ी नवीनतम जानकारियां हासिल की। वहीं लोगों ने रागिनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और दंगल का लुत्फ उठाया।
बृहस्पतिवार को नगर मजिस्ट्रेट अभय कुमार मिश्रा ने मेले का विधिवत फीता काटकर शुभारंभ किया। किसानों के हितों के लिए की गई इस पहल की सराहना करते हुए नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि समय-समय पर आयोजित होने वाले इस तरह के आयोजनों से किसानों को नवीनतम तकनीकि से खेती करने में मदद मिलती है। नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि बुलंदशहर एक कृषि प्रधान जिला है। जिसकी न केवल प्रदेश बल्कि देश में भी एक अलग पहचान है। गेहूं, चावल, गन्ना आदि की पैदावार का मामला हो या दुग्ध उत्पादन का, जिले के किसानों ने हर कसौटी पर खरा उतरकर दिल्ली, नोएडा समेत अन्य क्षेत्रों में बैठे लोगों को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए हैं। इस मौके पर मेले में लगे विभिन्न ब्रांडेड कंपनियों, शिक्षण संस्थानों और विभागों के प्रोडक्ट्स के बारे में भी किसानों ने जानकारियां हासिल की। अंत में नगर मजिस्ट्रेट ने अधिक से अधिक किसानों से मेले में भाग लेकर आधुनिक खेती, सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी करने का आह्वान किया।