यूपी बवाल : जुमे की नमाज से पूर्व अफसर हुए अलर्ट, शिया समुदाय साैंपेगा ज्ञापन
बुलंदशहर। जुमे की नमाज को लेकर अफसर पहले से ही अलर्ट हो गए हैं। वहीं बृहस्पतिवार को शिया समुदाय ने कलक्ट्रेट में पहुंचकर अमेरिका के खिलाफ ज्ञापन देने की घोषणा की है। इस ज्ञापन को लेकर भी अफसरों की चिंता बढ़ गई है। इस दौरान कोई कानून व्यवस्था न बिगड़े, इसलिए अफसरों ने सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया है। हालांकि शिया समुदाय के लोगों का कहना है कि उनका कोई जुलूस प्रदर्शन नहीं होगा। केवल उनके 20 से 25 लोग कलक्ट्रेट में जाएंगे और जिलाधिकारी को एक ज्ञापन अमेरिका के खिलाफ देंगे। इसके बाद वह वापस लौट जाएंगे।
गौरतलब है कि गत 20 दिसंबर को नागरिकता संशोधन कानून को लेकर नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ऊपरकोट में बवाल हुआ था। पुलिस और उपद्रवियों के बीच डेढ़ घंटे से अधिक गोलीबारी और पथराव हुआ था। इसके बाद से ही हर शुक्रवार को होने वाली जुमे की नमाज को लेकर अफसर सतर्क रहते हैं। पिछले शुक्रवार को जितनी फोर्स जिले में लगाई गई थी। उतनी ही फोर्स इस बार भी रहेगी। इसके अलावा शहर व जिले की मस्जिदों पर पुलिस अफसरों की विशेष नजर रहेगी। यदि कोई नागरिकता संशोधन कानून को लेकर कोई गलत या फिर भड़काऊ टिप्पणी करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह खुद फोर्स के साथ जिलेभर में गश्त करेंगे। खुर्जा, सिकंदराबाद, गुलावठी और शहर के कुछ स्थानों पर दोनों अधिकारी पैदल गश्त करेंगे। उधर, शिया समुदाय के संगठन रुहे अजा कमेटी ने अमेरिका के खिलाफ ज्ञापन देने का कार्यक्रम रखा है। उनके 20 से 25 लोग कलक्ट्रेट में जाएंगे और डीएम को ज्ञापन देंगे। इस दौरान जिस स्थान से शिया समुदाय के लोग कलक्ट्रेट में पहुंचेंगे, वहां से ही उनके साथ पुलिस बल चलेगा। ज्ञापन देने का कार्यक्रम जुमे की नमाज के बाद ही होगा। बता दें कि शिया समुदाय के लोग इरान पर हुए हमले के विरोध में ज्ञापन डीएम को दे रहे हैं।
कोई जुलूस प्रदर्शन नहीं होगा। केवल 20 से 25 लोग कलक्ट्रेट में पहुंचकर डीएम को ज्ञापन देंगे। इसके बाद सभी लोग शांति पूर्वक अपने अपने घर लौट जाएंगे। इस दौरान कोई नारेबाजी भी नहीं होगी।
- जफर अब्बास, रुहे अजा कमेटी के जिलाध्यक्ष
जुमे की नमाज को लेकर पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। जिले में धारा 144 लगी हुई है। इसलिए कोई जुलूस प्रदर्शन नहीं होने दिया जाएगा। सभी थाना प्रभारियों और सीओ को सुरक्षा के मद्देनजर अलर्ट किया हुआ है। जिले के लोग अफवाहों पर ध्यान न दें।
- संतोष कुमार सिंह, एसएसपी