फर्जी सीओ-दारोगा बनकर नगदी-कागजात किए चोरी
बुलंदशहर। देहात कोतवाली से गुजर रहे नेशनल हाईवे 91 पर शनिवार देर रात कैंटर चालक को फर्जी सीओ-दारोगा बनकर कुछ लोगों ने उसकी नगदी, कागजात व कैंटर की चाबी चोरी कर ली। मामले की जानकारी होने पर पीड़ित ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
अलीगढ़ के थाना दादों क्षेत्र के गांव नंगला निवासी दानवीर पुत्र मुन्नालाल ने तहरीर देकर बताया कि वह कैंटर चलाकर अपना व परिवार का जीवन यापन करता है। गत शनिवार देर शाम को वह कैंटर में कासगंज से मैदा लादकर दिल्ली के लिए निकला था। पीड़ित ने बताया कि जब वह देहात कोतवाली स्थित दोस्तपुर फ्लाईओवर के निकट पहुंचा तो उसे एक गाड़ी कार सवार कुछ लोगों ने हाथ दिया। पीड़ित ने अपना कैंटर साइड में खड़ा किया और बाहर निकल आया। इस दौरान गाड़ी से उतरे एक व्यक्ति ने खुद को सीओ व दूसरे ने खुद को दारोगा बताया। साथ ही गाड़ी से उतरे एक व्यक्ति ने कैंटर में चढ़ कर उसके कागजात, कंबल के नीचे रखे 14 हजार रुपये व कैंटर की चाबी निकाल ली। इसके बाद आरोपी पीड़ित को धमकाकर सभी सामान व नगदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। देहात कोतवाल अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।