दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता का कराया गर्भपात
बुलंदशहर। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने विवाहिता को प्रताड़ित किया। आरोपियाें ने पीड़िता का जबरन गर्भपात करा दिया। साथ ही आरोपी पति ने पीड़िता को तीन बार तलाक बोल कर तलाक दे दिया और घर से भी निकाल दिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नारायण नगर निवासी शबाना पुत्री अमीर हसन ने बीते दिनों देहात कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका निकाह गौतमबुद्धनगर के रबुपुरा थाना क्षेत्र के गांव मयाना निवासी शौकिन पुत्र आलम के साथ हुआ था। निकाह में मायके पक्ष ने हैसियत से अधिक दान दहेज भी दिया था। लेकिन, आरोपी ससुरालीजन शादी में मिले दहेज से खुश नहीं थे। वह अतिरिक्त दहेज के रूप में नगदी व कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पीड़िता का उत्पीड़न किया जा रहा था। आरोप है कि बीते दिनों आरोपी ससुरालीजनों ने पीड़िता का जबरन गर्भपात करा दिया। इसके बाद भी आरोपी उसका उत्पीड़न करते रहे। पीड़िता ने बताया कि बीते दिनों आरोपी पति ने उसे तीन बार तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। जिसके बाद से पीड़िता अपने मायके में रह रही है। आरोपी अब पीड़िता को हत्या की धमकी दे रहे हैं। देहात कोतवाल अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी शौकिन समेत कुल आठ नामजद ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियाें को दबोच लिया जाएगा।