विवाहिता के साथ दो जेठों ने किया सामूहिक दुष्कर्म
बुलंदशहर । नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी विवाहिता के दिल्ली निवासी ससुरालीजनों ने अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर उसका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया। आरोप है कि उसके दो जेठों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। साथ ही पीड़िता की शिकायत पर अन्य ससुरालीजनों ने पीड़िता को ही मारपीट कर घर से निकाल दिया था।
नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका निकाह दिल्ली निवासी ताहिर के साथ हुआ था। निकाह में मायके पक्ष की ओर से काफी दान दहेज भी दिया गया था। लेकिन, आरोपी ससुरालीजन शादी में मिले दहेज से खुश नहीं थे। वह अतिरिक्त दहेज के रूप में नकदी व अन्य सामान की लगातार मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर आए दिन उसका मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न किया जा रहा था। पीड़िता ने बताया कि बीते दिनों वह अपनी ससुराल में ही मौजूद थी। इस दौरान उसके जेठ साकिर व चुन्ना उसके कमरे में घुस आए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता के शोर मचाने व विरोध करने पर आरोपियों ने अन्य परिजनों के साथ मिलकर पीड़िता की जमकर पिटाई की और उसे घर से निकाल दिया। नगर कोतवाल अरुणा राय ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।