सड़क पर नियमों का उल्लंघन कर बचना मुश्किल
बुलंदशहर। आपके पास दोपहिया या चौपहिया वाहन है तो दूसरे को वाहन देते समय सचेत रहे। हो सकता है आप नियमों का पालन कर वाहन चलाते हो मगर कोई दूसरा व्यक्ति वाहन चलाते समय नियमों का पालन न करें और आपकी गाड़ी का चालान हो जाए, लेकिन इस कार्रवाई का आपको पता भी न चले। क्योंकि जनपद में संभागीय परिवहन और यातायात पुलिस ई-चालान काट रही है।
बता दें कि शासन के निर्देश पर जनपद में गत जुलाई माह से ट्रैफिक नियमों का पालन न करने पर संभागीय परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा ई-चालान काटने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, चालान कटने पर जिन वाहन स्वामियों का एआरटीओ कार्यालय में नंबर पंजीकृत है उनके नंबर पर चालान कटने की तुरंत मैसेज द्वारा जानकारी मिल जाती है। लेकिन जिन वाहन स्वामियों का एआरटीओ कार्यालय में गलत नंबर या कोई भी नंबर पंजीकृत नहीं है उनको समय से जानकारी नहीं मिल पा रही है, जिससे अन्य स्थान पर चालान कटने के बाद जमा करने पर वाहन स्वामियों को पता चल रहा है। यातायात निरीक्षक कुलवीर सिंह राणा ने बताया कि जुलाई माह से अगस्त माह तक दो हजार से अधिक वाहन चालकों द्वारा नियमों का उल्लंघन करने पर ई-चालान काटा जा चुका है। बताया कि ई-चालान काटने की कार्रवाई जारी है। लोग नियमों का पालन करने लगे तो ई-चालान से बच सकते हैं।
इनसेट=
नंबर प्लेट की फोटो खींचते ही कट जाता है चालान
दोपहिया वाहन बिना हेलमेट बाइक, स्कूटर चलाने पर और चौपहिया वाहन स्वामी द्वारा नियमों का उल्लंघन करने या नो पार्किंग जोन में वाहन पार्क करने पर नगर में संभागीय परिवहन विभाग की टीम और यातायात पुलिस द्वारा फोटो खींचकर ई-चालान काटने की कार्रवाई की जा रही है। नई व्यवस्था के तहत चौराहों पर तैनात टीम या यातायात पुलिस वाहन चालक को रोकते नहीं है। बल्कि उसका फोटो खींच लेते हैं। जिसे प्रदेश सरकार की ओर से जारी किए गए साफ्टवेयर पर अपलोड करते ही संबंधित वाहन का ई-चालान हो जाता है।
कोट =
अधिकांश लोग अपने वाहन को दूसरे से संचालन करवाते हैं। जिसका चालान कटने पर वह वाहन स्वामी को जानकारी नहीं दे पाते हैं। इसका खामियाजा वाहन स्वामी को दोबारा चालान कटने पर उठाना पड़ता है। इससे बचने के लिए वाहन देते समय वाहन स्वामियों को सचेत रहना होगा। साथ ही नियमों का पालन जरूर करें।
- मुहम्मद कय्यूम, एआरटीओ प्रशासन