बारिश से हुआ जलभराव और कीचड़
बुलंदशहर। नगर में गत दो दिन से हो रही बारिश के चलते विभिन्न स्थानों पर जलभराव और कीचड़ की समस्या बनने लगी है। रविवार को नगर की हाईडिल कालोनी, मोतीबाग, स्याना बस अड्डा, कालाआम समेत अन्य कालोनियों में जलभराव और कीचड़ की समस्या बन गई। वहीं, नगर में चल रहे सीवरेज लाइन के दौरान खुदी सड़कें लोगों के लिए आफत बन गई। उधर खुर्जा और पहासू कस्बे में बारिश के चलते कई मोहल्ले जलमगभन हो गए। इसके चलते लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
बता दें कि गत दो दिन से हो रही बारिश के चलते जहां पालिका के साफ-सफाई के दावे की पोल खुल रही है। वहीं, कीचड़ की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। रविवार को हुई बारिश से नगर के कालाआम चौराहा, मोतीबाग, डिप्टीगंज, राजेबाबू रोड, हाईडिल कालोनी, स्याना बस अड्डा पर जलभराव और कीचड़ की समस्या बन गई। वहीं, नगर में चल रहे सीवरेज लाइन के दौरान खोदी गई सड़कें और सड़कों पर फैली मिट्टी से लोगों को विभिन्न समस्याओं से जूझना पड़ा। मिट्टी जहां कीचड़ में तब्दील हो गई। वहीं, कई वाहन सवार और पैदल चलने वाले राहगीर गिरकर चोटिल भी हो गए। लोगों ने दिन-प्रतिदिन बढ़ती इस समस्या से शीघ्र निजात दिलाने की मांग की है। पालिका ईओ डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि जहां-जहां शिकायतें मिल रही है। वहां साफ-सफाई कराई जा रही है। नगर में जलभराव की समस्या न हो इसके लिए तैयारी की जा रही है। उधर खुर्जा में हनुमान का टीला मोहल्ले में गली जलमगभन हो गई। घुटनों तक पानी होने के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। इसके अलावा मुरारी नगर, पदम सिंह गेट, बुर्ज आदि मोहल्लों में भी लोगों के लिए जलभराव आफत बना रहा। पहासू कस्बा स्थित अनाज मंडी चौराहा, डाकखाने वाली गली, जनता इंटर कॉलेज के पीछे आदि स्थानों पर बारिश के चलते पानी भर गया। वहीं पहासू क्षेत्र के गांव बनैल में सड़कों पर जलभराव होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया।
------------
बारिश ने खिला दिए किसानों के चेहरे
फोटो समाचार
- झमाझम बारिश होने से मौसम हुआ सुहाना, सभी ने ली राहत
- मौसम वैज्ञानिक अब अच्छी बारिश होने की जता रहे संभावना
माई सिटी रिपोर्टर
बुलंदशहर। जनपद में रविवार हुई झमाझम बारिश ने किसानों के चेहरे खिला दिए। साथ ही मौसम सुहाना हो गया और सभी ने गर्मी और उमस से कुछ राहत की सांस ली है। मौसम वैज्ञानिक अब अच्छी बारिश की संभावना जताने के साथ बार-बार बदल रही रंगत को लेकर असमंजस की स्थिति में भी हैं।
इस बार मानसून लगातार खेल करता आ रहा है। अभी तक एक भी अच्छी बारिश नहीं हुई थी। ऐसे में किसानों को फसल बचाने और आमजन को गर्मी व उमस का सामना करना पड़ा। इस बीच बादल भी छाए और बारिश जहां-तहां होने से मौसम में लगातार बदलाव आता रहा। साथ ही मौसम के आंकड़ों का गणित भी बिगड़ने लगा। शनिवार को जनपद में अच्छी बारिश हुई तो सभी ने राहत की सांस ली। रविवार को भी जनपद में झमाझम बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल गए। साथ ही मौसम सुहाना होने के साथ सभी ने राहत की सांस ली। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 28 डिग्री रहने की संभावना है। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. विवेकराज का कहना है कि अब अच्छी बारिश होने की संभावना बन रही है। साथ ही बार-बार बदल रही मौसम की रंगत को लेकर असमंजस की स्थिति भी बरकार है। ऐसे में आगामी मौसम को स्पष्ट करना भी ठीक नहीं है।
मनोज कुमार-