अभी और आपको जूझना पड़ सकता है जाम से
बुगरासी। सावन में ब्रजघाट से कांवड़ उठाने के चलते कस्बा क्षेत्र के लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। बड़े वाहन कस्बा क्षेत्र से होकर निकल रहे हैं। इससे कस्बा क्षेत्र में परेशानी हो रही है।
सावन के हर सोमवार को शिवभक्त ब्रजघाट से कांवड़ उठा अपने क्षेत्र के मंदिरों में चढ़ाते हैं। ऐसे में गढ़मुक्तेश्वर-मुरादाबाद हाइवे का रूट डायवर्ट किया जाता है। रूट डायवर्ट होने पर अधिकांश बड़े वाहन क्षेत्र के गांव भगवानपुर के पक्के पुल से आते हैं जो वाया बुगरासी होकर अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। बुगरासी से भगवनपुर की दूरी मात्र छह किलोमीटर है। सड़क संकरी होने के कारण बड़े वाहनों के निकलने पर अकसर जाम की स्थिति बन जाती है। इससे कस्बा क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी होती है। स्कूल की छुट्टी के दौरान अकसर परेशानी होती है। स्कूली वाहनों के साथ बड़े वाहन चलते हैं और सड़क संकरी होने के कारण एक साथ वाहन बचाना मुश्किल होता है जिससे जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। वरुण सिंह, तुषार चौहान, अनिल कुमार, कृष्ण कुमार आदि क्षेत्रवासियों ने बताया कि सोमवार को ब्रजघाट से कांवड़ उठती है। इसमें रविवार से लेकर मंगलवार तक परेशानी होती है। बुगरासी-भगवानपुर रोड पर अकसर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। स्कूल समय में कई बार दो वाहनों के आमने-सामने फंसने पर छह किलोमीटर की दूरी में एक घंटे तक का भी समय लग जाता है।